– पेयजल स्रोतों को बांधे रक्षा सूत्र • घर-घर नलजल की रक्षा का लिया संकल्प, नल चालक श्रीपाल सिंह सोलंकी का सम्मान
जावरा। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जलशक्ति मंत्रालय के निर्देशों के पालन में जावरा विकासखंड की बनवाड़ा ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्राम नंदावता में जल अर्पण दिवस—गर्व का पर्व, हर पल नल जल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पीएचई कार्यपालन यंत्री एस.आर. जांगड़े के मार्गदर्शन तथा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत जलटंकी परिसर में रंगोली बनाकर की गई। गांव के घरों से लाए गए जल-कलशों को बालिकाओं ने सुसज्जित किया और ढोल-ढमाकों के साथ पूरे गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सरपंच शिवनारायण मालवीय ने कलश के जल से शिव मंदिर में अभिषेक किया। वहीं महिलाओं ने अपने घरों के सामने साफ-सफाई कर नल कनेक्शनों पर पुष्पहार और स्वस्तिक बनाकर पूजा-अर्चना की तथा जल से जुड़े भजन-गीत गाए। बच्चों ने जल बचाओ के नारों के साथ जागरूकता रैली निकाली। ग्रामीणों ने नल-जल योजना के उचित संचालन, ट्यूबवेल-संपवेल सहित पेयजल स्रोतों के रखरखाव और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली तथा जल स्रोतों की सुरक्षा हेतु रक्षा सूत्र बांधे।
नल चालक को किया सम्मानित –
इस अवसर पर नल-जल योजना के नियमित व व्यवस्थित संचालन के लिए नल चालक श्रीपाल सिंह सोलंकी का साफा बांधकर एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मान किया गया। सरपंच मालवीय ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर तक नल से जल पहुंचना गांव के लिए सौभाग्य है, परंतु उसका संरक्षण और संधारण ग्रामीणों की जिम्मेदारी है, क्योंकि एक समय पानी के लिए संघर्ष करना पड़ता था। पीएचई सहायक यंत्री इरफान अली ने जल एवं स्वच्छता समिति को बधाई देते हुए जल बचाने की सरल विधियां बताईं। जनपद सदस्य प्रतिनिधि राधेश्याम पांचाल, उपसरपंच भरतलाल मालवीय एवं पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवराम मतानिया ने भी जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके संरक्षण का आह्वान किया। रतलाम से आए जिला जल सलाहकार आनंद व्यास ने जल अर्पण दिवस की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में उपयंत्री जिगनेश बामनिया, सचिव रामचंद्र डाबी, सहायक सचिव ओमप्रकाश जायसवाल, शिक्षिका कृष्णा कुंवर झाला, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शारदा राठौड़, विकासखंड समन्वयक पप्पू सिंह डावर सहित ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संचालन आनंद व्यास ने किया। आभार सचिव रामचंद्र डाबी ने माना।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

