– विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों से जावरा-पिपलौदा क्षेत्र को मिले छह आरबीएसके चिकित्सक
– स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों का करेंगे नियमित स्वास्थ्य परीक्षण।
जावरा। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में जावरा विधानसभा क्षेत्र को लगातार नई सौगातें मिल रही हैं। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के सतत प्रयासों से क्षेत्र में 6 नवीन चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। ये चिकित्सक राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में पहुंचकर बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे।
उल्लेखनीय है कि विधायक डॉ. पांडेय जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उनके प्रयासों से विगत दिनों क्षेत्र में 12 चिकित्सकों एवं एक ईएनटी विशेषज्ञ की पदस्थापना भी हुई थी। स्वास्थ्य संस्थानों में अधोसंरचना विकास के साथ ही चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति को लेकर भी वे गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
सिविल हॉस्पिटल जावरा के सुपरवाइजर शैलेन्द्र कुमार दवे ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों में बच्चों की स्क्रीनिंग कर विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान एवं उपचार संबंधी गतिविधियां संचालित की जाती हैं। कार्यक्रम के तहत जन्मजात बीमारियों एवं शारीरिक विकृतियों, जैसे हृदय में छेद, कटे होंठ, टेढ़े पैर, एनीमिया, टीबी, कान संबंधी समस्याएं, कम वजन, विटामिन की कमी एवं कुपोषण सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान की जाएगी। साथ ही देर से चलने एवं बोलने जैसी विकास संबंधी समस्याओं से प्रभावित बच्चों को भी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन 6 चिकित्सकों की हुई पदस्थापना –
जारी आदेश के अनुसार जावरा विधानसभा क्षेत्र में आरबीएसके चिकित्सकों के रूप में निम्न नियुक्तियां की गई हैं। जिसमें जावरा ब्लाक में डॉ. लोकेश पाटीदार, डॉ. हेमंत गौड़, डॉ. वजीहा कुरैशी, डॉ. बुशरा अंसारी शामिल हैं, वहीं पिपलौदा ब्लाक में डॉ. रंजना पटेल, डॉ. प्रतीक जायसवाल शामिल हैं। 6 नवीन चिकित्सकों की नियुक्ति से क्षेत्र में बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस उपलब्धि पर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल तथा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

