– प्रेम विवाह बना जानलेवा दुश्मनी की वजह! रेलवे स्टेशन पर दामाद को गोली मारने वाला ससुर गिरफ्तार, साथी भी पुलिस गिरफ्त में
रतलाम। रेलवे स्टेशन रतलाम परिसर में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का जीआरपी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बेटी के प्रेम विवाह से नाराज ससुर ने अपने साथी के साथ मिलकर दामाद को जान से मारने की साजिश रची और रेलवे स्टेशन परिसर में उस पर दो गोलियां दाग दीं। घटना में एक गोली युवक की पीठ में लगी थी। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी ससुर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी जब्त कर ली है।
19 अक्टूबर को दिया था वारदात को अंजाम –
जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को फरियादी सुनील प्रजापत (29) ट्रेन से उतरकर रतलाम रेलवे स्टेशन स्थित रेस्टोरेंट ऑन व्हील के पीछे से गुजर रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर दो फायर किए। एक गोली सुनील की पीठ में जा लगी। गंभीर घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में वडोदरा में ऑपरेशन कर उसके शरीर से गोली निकाली गई।
प्रेम विवाह की रंजिश में रची थी साजिश –
जीआरपी की जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी कोमल सिंह पंवार फरियादी सुनील प्रजापत का ससुर है। सुनील द्वारा उसकी बेटी से प्रेम विवाह किए जाने से वह नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी गौरव नागदा के साथ मिलकर इस जानलेवा वारदात को अंजाम दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल जब्त –
पुलिस ने लगातार दबिश और प्रभावी विवेचना के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी जब्त की गई है। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने मामले में कोमल सिंह पंवार (49), निवासी जूनी कलाल सेरी, रतलाम तथा गौरव नागदा (37), निवासी जवाहर मार्ग, नागदा जंक्शन, जिला उज्जैन को गिरफ्तार किया हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका –
गोलीकांड का खुलासा करने में थाना प्रभारी उनि. सोहनलाल पाटीदार, सउनि. नौशाद खान, सउनि. शिव सिंह तथा आरक्षक संजय, लवेंद्र भट्ट, अंकित शेखावत, अभिषेक, भूपेन्द्र एवं रिषभ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

