– नगर पालिका अध्यक्ष कडपा ने कलेक्टर से मुलाकात कर उठाया था पेयजल संकट का मुद्दा
– तत्काल कार्रवाई के निर्देश के बाद बैराज से मोटरें हटाकर लौटने लगे किसान
जावरा। जावरा शहर में आगामी गर्मी के दौरान पेयजल संकट की आशंका के बीच मलेनी बैराज के पानी का सिंचाई के लिए उपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बैराज में करीब 2 फीट कम पानी संग्रहित होने के बावजूद कुछ किसान मोटरें लगाकर सिंचाई के लिए पानी निकाल रहे थे। शहर की पेयजल व्यवस्था पर मंडराते खतरे को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अनम मोहम्मद यूसुफ कडपा ने गुरुवार को जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और बैराज से मोटरें हटने लगीं।
नगर पालिका अध्यक्ष कडपा ने कलेक्टर को बताया कि इस वर्ष कम बारिश के कारण क्षेत्र के जलस्रोतों में पानी की उपलब्धता प्रभावित हुई है। मलेनी बैराज में भी पिछले वर्ष की अपेक्षा लगभग दो फीट कम पानी है। ऐसी स्थिति में बैराज में उपलब्ध पानी को जावरा शहर की पेयजल जरूरतों के लिए सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। इसके बावजूद बैराज के आसपास कुछ किसानों द्वारा मोटरें लगाकर सिंचाई के लिए पानी निकाला जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो बैराज का जलस्तर तेजी से घट सकता है और इसका खामियाजा आगामी गर्मी में शहरवासियों को पेयजल संकट के रूप में भुगतना पड़ सकता है।
कलेक्टर के निर्देश मिलते ही प्रशासन सक्रिय –
नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा उठाए गए इस मुद्दे पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मलेनी बैराज से मोटरें लगाकर सिंचाई कर रहे किसानों ने अपनी मोटरें हटाना शुरू कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद बैराज के पानी का सिंचाई के लिए हो रहे उपयोग पर रोक लगाने की दिशा में कदम बढ़ा है।
शहर के पेयजल के लिए पानी बचाना जरूरी –
नगर पालिका अध्यक्ष कडपा ने कहा कि मलेनी बैराज का पानी जावरा शहर की पेयजल व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। नगरवासियों को पूरे वर्ष पर्याप्त पानी उपलब्ध हो, इसके लिए बैराज में संग्रहित पानी का संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए जाने पर कलेक्टर का आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि आगामी गर्मी में शहरवासियों को पानी की परेशानी न हो, इसके लिए बैराज के जलस्तर और पानी के उपयोग पर लगातार निगरानी रखी जानी चाहिए।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

