— जावरा आगमन पर कार्यकर्ताओं ने चौपाटी पर किया भव्य स्वागत
जावरा। मंदसौर-नीमच-जावरा संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता को लोकसभा के भारत-मॉरीशस संसदीय मैत्री समूह (India–Mauritius Parliamentary Friendship Group) का सदस्य मनोनीत किया गया है। यह समूह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में गठित किया गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ सांसद जगदंबिका पाल को समूह का अध्यक्ष बनाया गया है। सांसद गुप्ता के इस महत्वपूर्ण मनोनयन को संसदीय क्षेत्र के लिए सम्मानजनक उपलब्धि माना जा रहा है।
संसदीय मैत्री समूह का उद्देश्य भारत और मॉरीशस के बीच संसदीय, सांस्कृतिक, आर्थिक तथा कूटनीतिक संबंधों को और अधिक मजबूत करना है। ऐसे समूहों के माध्यम से दोनों देशों के सांसदों के बीच संवाद, विचार-विमर्श, प्रतिनिधिमंडल आदान-प्रदान तथा सहयोग के नए अवसर विकसित किए जाते हैं। भारत और मॉरीशस ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्रवासी भारतीय संबंधों के कारण विशेष रूप से घनिष्ठ साझेदार माने जाते हैं, इसलिए इस समूह की भूमिका भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
क्षेत्र के लिए क्यों अहम –
राजनीतिक जानकारों के अनुसार इस समूह में शामिल होने से सांसद गुप्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संसदीय गतिविधियों में भागीदारी का अवसर मिलेगा। साथ ही व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नए आयाम खुल सकते हैं, जिनका अप्रत्यक्ष लाभ क्षेत्र के विकास को भी मिल सकता है।
जावरा में हुआ स्वागत –
सदस्य मनोनीत होने के बाद जावरा आगमन पर प्रदीप चौधरी मित्र मंडल द्वारा स्थानीय चौपाटी पर सांसद सुधीर गुप्ता का पुष्पमालाओं से स्वागत कर बधाई दी गई। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अभय कोठारी, ज्वाला ग्रुप के राकेश राठौर, शैलेन्द्र सिंह चौहान, गौतम राठौर, श्याम राठौर, भूपेंद्र पांचाल (सोहनगढ़) सहित अनेक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे। स्वागत कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि सांसद गुप्ता की सक्रियता से क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत होगी। वहीं सांसद गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और भारत-मॉरीशस के बीच संबंधों को मजबूत करने में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

