जावरा/भोपाल। रतलाम जिले से गुजरने वाले पांच प्रमुख सड़क मार्गों पर अब तक 5 हजार 476 करोड़ रुपए की टोल वसूली हो चुकी है। साथ ही इन मार्गों पर मरम्मत, संधारण और नवीनीकरण कार्य भी जारी है।
यह जानकारी जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रश्न के जवाब में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने विधानसभा में दी। मंत्री सिंह ने बताया कि लेबड़-जावरा एवं जावरा-नयागांव फोरलेन सड़क के निर्माण के बाद ही अब तक 5 हजार करोड़ रुपए से अधिक टोल वसूला जा चुका है। इसके अलावा उज्जैन-उन्हेल-जावरा टू-लेन मार्ग, रतलाम-सैलाना-बांसवाड़ा मार्ग, आगर-बडौद-आलोट-ताल-जावरा मार्ग, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर भी टोल वसुली जारी हैं। इन सभी मार्गों पर नियमित रखरखाव और नवीनीकरण कार्य भी कराए जा रहे हैं।
भवनों की मरम्मत व नए निर्माण –
विधायक पांडेय के एक अन्य प्रश्न पर मंत्री सिंह ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में रतलाम जिले में विभिन्न शासकीय आवासीय एवं कार्यालय भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई के लिए 7 करोड़ 96 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। कई जर्जर भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
जावरा क्षेत्र में सड़कों का विस्तार –
पिछले 5 वर्षों में जावरा विधानसभा क्षेत्र में 30 सड़क मार्ग स्वीकृत हैं, जिनमें से 14 पर कार्य जारी हैं। 6 शासकीय भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, 14 और सड़कों के मजबूतीकरण का प्रस्ताव स्वीकृति प्रक्रिया में हैं।
सौर ऊर्जा परियोजनाएं भी तेज –
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने बताया कि उज्जैन संभाग में विभिन्न योजनाओं के तहत 251 स्थानों पर कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही मेगा व अल्ट्रा मेगा सोलर पावर परियोजनाओं के अंतर्गत आगर जिला में 550 मेगावाट, शाजापुर जिला में 450 मेगावाट तथा नीमच जिला में 500 मेगावाट उत्पादन के सौर पार्क स्थापित किए गए हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

