– 3 प्रमुख सड़कों की स्वीकृति, हाईवे ब्लैक स्पॉट सुधार और नए मार्ग निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र को मिलेगा सीधा लाभ
जावरा/भोपाल। प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को विकास और समावेशी बजट बताते हुए जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने जानकारी दी कि इस बार के बजट में जावरा विधानसभा क्षेत्र को लगभग 74.55 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। विभिन्न प्रस्तावों को शासन स्तर पर कार्यवाही में शामिल किए जाने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विधायक डॉ. पांडेय ने बताया कि विधानसभा में प्रस्तुत बजट में क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांगों को स्वीकृति मिली है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लिए तीन महत्वपूर्ण सड़क मार्गों के निर्माण को मंजूरी दी गई है, जिनकी मांग ग्रामीणजन वर्षों से कर रहे थे। इसके लिए मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग से लगातार आग्रह किया गया था।
इन प्रमुख मार्गों को मिली स्वीकृति –
– राकोदा – माऊखेड़ी – रियावन – कालूखेड़ा मार्ग निर्माण
– मावता – रियावन – चिपिया – माऊखेड़ी – धामेड़ी – राकोदा – बड़ायला माताजी मार्ग निर्माण
– मंदसौर जिले के पटलावद से जावरा तहसील के ग्राम मार्तंडगंज तक नया सड़क मार्ग
हाईवे सुरक्षा पर भी फोकस –
जावरा-नयागांव फोरलेन हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए चिन्हित ब्लैक स्पॉट स्थानों पर सुधार, संधारण और सुरक्षा कार्य भी बजट में शामिल किए गए हैं। साथ ही ग्राम माननखेड़ा में दीर्घकालिक परिशोधन कार्य की स्वीकृति भी दी गई है। विधायक ने कहा कि इन कार्यों से आवागमन सुगम होगा, ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा तथा सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा। अंत में विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

