– ऑनलाइन ई-बिडिंग से होगा आवंटन, स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
जावरा। प्रदेश सरकार छोटे शहरों और कस्बों में उद्योग स्थापित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति देने की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में रतलाम जिले की जावरा तहसील में विकसित जावरा औद्योगिक क्षेत्र में 1 मार्च से औद्योगिक प्लॉट आवंटन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
इस संबंध में जावरा में उद्योग स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों, व्यापारियों और संभावित निवेशकों के लिए एक सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार का उद्देश्य प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया, नियम-शर्तों और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देना था। सेमिनार में एमपीआईडीसी के महाप्रबंधक विनय सिंह तोमर ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि जावरा औद्योगिक क्षेत्र 35.856 हेक्टेयर में विकसित किया गया है तथा यहां कुल 158 औद्योगिक प्लॉट अलग-अलग आकार में उपलब्ध हैं, ताकि छोटे, मध्यम और बड़े उद्योग अपनी आवश्यकता के अनुसार प्लॉट ले सकें। क्षेत्र में सड़क, बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की योजना भी तैयार की गई है।
ऑनलाइन ई-बिडिंग से होगा आवंटन –
निवेशकों को जानकारी दी गई कि औद्योगिक प्लॉट का रेट लगभग 300 रुपये प्रति वर्गफुट निर्धारित किया गया है। प्लॉट का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी ऑनलाइन ई-बिडिंग प्रक्रिया से होगा, जिससे सभी निवेशकों को समान अवसर मिलेगा। ई-बिडिंग में भाग लेने के लिए निवेशकों को शासकीय एमपी ई-टेंडर पोर्टल mptenders.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा और क्लास-3 डिजिटल सिग्नेचर अनिवार्य रहेगा। बिडिंग के दौरान निवेशकों को प्लॉट की कुल प्रीमियम राशि का 25 प्रतिशत अग्रिम जमा करना होगा। ई-बिडिंग पूर्ण होने के बाद सर्वाधिक बोली लगाने वाले निवेशक को प्लॉट आवंटित किया जाएगा। आवंटित प्लॉट 99 वर्ष की लीज अवधि के लिए दिए जाएंगे तथा उनका उपयोग केवल औद्योगिक गतिविधियों के लिए ही किया जा सकेगा।
निवेशकों में उत्साह –
सेमिनार में जावरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उद्योगपति, व्यापारी और संभावित निवेशक उपस्थित रहे। उन्होंने प्लॉट आकार, सुविधाओं और उद्योग स्थापना की समय-सीमा से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। निवेशकों ने विश्वास जताया कि जावरा औद्योगिक क्षेत्र के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

