– प्रशासन अलर्ट मोड में, सुरक्षा-सुविधाओं को लेकर अधिकारियों की संयुक्त बैठक
जावरा। विश्व प्रसिद्ध हुसैन टेकरी शरीफ पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय होली चेहल्लुम पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को एसडीएम सुनील जायसवाल, सीएसपी युवराजसिंह चौहान एवं औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने हुसैन टेकरी परिसर में बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में हुसैन टेकरी सीईओ अब्दुल हकीम खान, वक्फ अधिकारी एवं कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं और आयोजन को व्यवस्थित व सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान एसडीएम के प्रथम हुसैन टैकरी आगमन पर हुसैन टैकरी सीईओ ने पुष्प गुच्छ भेंटकर एसडीएम को स्वागत किया। बैठक के बाद सभी अधिकारियों ने चुल क्षैत्र के साथ अन्य स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।
3 मार्च मुख्य दिवस, तीन दिन चलेगा आयोजन –
प्रशासन ने बताया कि होली चेहल्लुम का मुख्य आयोजन 3 मार्च को होगा, जबकि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 2, 3 और 4 मार्च तक तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हजारों जायरीन के आने की संभावना को देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट रहने को कहा गया है। तीन दिनों में होने वाले लोभान के समय विशेष व्यवस्थाएं रखने के निर्देश दिए गए।
व्यवस्थाओं पर विशेष जोर –
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए व्यापक प्रकाश व्यवस्था, नियमित सफाई अभियान, प्रमुख मार्गों पर बेरिकेटिंग, पार्किंग स्थलों की स्पष्ट व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। ट्रैफिक इंचार्ज को भी अलग से पार्किंग व यातायात प्लान तैयार करने को कहा गया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम –
सीएसपी युवराजसिंह चौहान ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, होटल-लॉज की सघन जांच करने, बिना आईडी कार्ड किसी को ठहरने या प्रवेश नहीं देने के साथ ही झुग्गी-झोंपडिय़ों में रहने वालों का सत्यापन करने के निर्देश पुलिस को दिए गए।
श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं –
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने चलित शौचालय (मोबाइल टॉयलेट), पर्याप्त पेयजल व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण दल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में नगर पालिका, पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली, राजस्व, पीएचई, लोनिवि सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली चेहल्लुम के दौरान कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

