– जावरा में विकास के नाम पर बढ़ी रहवासियों की परेशानी
– 2025 की बारिश तक पूरा होना था अण्डरब्रिज का काम, अब भी अटका निर्माण
— बिजली पोल नहीं हुआ शिफ्ट, संकरा बॉक्स और धीमी गति से चल रहे काम से रहवासी परेशान, व्यापार ठप
जावरा। शहर के बहुप्रतीक्षित रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण अब जनसुविधा से ज्यादा जनसमस्या बनता जा रहा है। रेलवे फाटक बंद होने के बाद रहवासियो के आंदोलन के बाद जैसे तैसे अण्डरब्रिज का काम शुरु तो हुआ लेकिन अब तक यह ब्रिज पूरा नहीं हुआ हैं। अंडरब्रिज का काम शुरु होने के बाद जहां लोगों को राहत मिलने की उम्मीद थी, वहीं अधूरा अंडरब्रिज और धीमी गति से चल रहा निर्माण कार्य रहवासियों और व्यापारियों के लिए नई मुसीबत खड़ी कर रहा है। जानकारी के अनुसार इस अंडरब्रिज का कार्य 2025 की बारिश से पहले पूरा किया जाना प्रस्तावित था, ताकि बरसात में जलभराव और यातायात बाधित न हो। लेकिन तय समय गुजर जाने के बावजूद काम अब तक अधूरा है और आगामी बारिश से पहले भी इसके पूर्ण होने पर संशय बना हुआ है।
धीमी गति और बिजली पोल बना अंगद का पांव –
पुलिस थाना रोड की ओर जहां से अंडरब्रिज का दुसरा सिरा बाजार की और निकलना है, उसी हिस्से में बिजली कंपनी का पोल अब तक नहीं हटाया गया है। यही पोल निर्माण कार्य में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महीनों से यह स्थिति जस की तस है, पर जिम्मेदार विभागों के बीच समन्वय के अभाव में काम आगे नहीं बढ़ पा रहा। ऐसे में अब यह बिजली का पोल जैसे अंगद का पांव बन गया हैं और इस पोल को हटाने वाला बिजली विभाग कुंभकर्ण की नींद में सोया हैं।
छोटा बॉक्स, बड़ा सवाल — कैसे निकलेगा ट्रैफिक ? –
रेलवे द्वारा ट्रैक के नीचे जो कंक्रीट बॉक्स डाले गए हैं, वे आकार में काफी छोटे हैं। ऐसे में इनमे से एक साथ दो चारपहिया वाहन निकलना संभव नहीं बड़े लोडिंग वाहनों का निकलना तो लगभग असंभव सा ही प्रतित हो रहा हैं। ऐसे में लोगों का कहना है कि अंडरब्रिज बनने के बाद भी बड़े लोडिंग और अन्य बड़े वाहनों को तो ओव्हरब्रिज से ही होकर गुजरना पड़ेगा।
खबर के बाद 90 डिग्री से हुआ 120 डिग्री का मोड़ –
शुरुआत में तिलक नगर की ओर अंडरब्रिज के एप्रोच रोड पर लगभग 90 डिग्री का तीखा मोड़ दिया गया था। मामला मीडिया में आने के बाद इसे बदलकर करीब 120 डिग्री किया गया, लेकिन स्थानीय नागरिक अभी भी इसे भारी वाहनों के लिए जोखिमपूर्ण मान रहे हैं। वहीं पुलिस थाना रोड़ की और भी मोड ही हैं तो वाहनों को निकलने में तो परेशानी उठानी ही पड़ेगी। लेकिन बड़ा सवाल तो अब भी यह हैं कि क्या यहं अंडरब्रिज इस साल भी पुरा हो पाएगा या नहीं ।
ओवरब्रिज चालू, फाटक बंद, व्यापार ठप –
इस रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनकर चालू हो चुका है और उसके बाद फाटक पूरी तरह बंद कर दिया गया है। परिणाम यह हुआ कि फाटक चौराहा और अंटिया चौराहा क्षेत्र का व्यापार पिछले करीब डेढ़ साल से लगभग ठप हो गया है। ग्राहकों की आवाजाही कम होने से कई दुकानदार आर्थिक संकट झेल रहे हैं। इतना ही नहीं फाटक बंद होने से पुरा स्टेशन रोड़ ही संकट में आ गया हैं। स्टेशन चौराहे से लेकर स्टेशन रोड़ की कई दुकानें तो खाली भी हो चुकी हैं, किराया न निकल पाने के चलते व्यापारियों को अन्यत्र दुकाने स्थानांतरित करना पड़ी। व्यापारियों का कहना है कि अंडरब्रिज शुरू होने के बाद ही बाजारों में दोबारा आवाजाही बढ़ेगी और हालात सुधरेंगे। लेकिन फिलहाल तो हालात बद से बद्तर हैं, रहवासियों और व्यापारियों की इस परेशानी से किसी को कोई मतलब नहीं हैं, यहीं कारण हैं कि इस ब्रिज को पूर्ण करने में शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधि भी कोई सख्ती नहीं दिखा रहे हैं।
जनता के सवाल, जिनके नहीं मिल रहे जवाब –
जब फाटक बंद कर दिया गया तो अंडरब्रिज समय पर क्यों नहीं बना ? और अगर बन भी गया तो क्या संकरा और घुमावदार अंडरब्रिज जावरा के ट्रैफिक का समाधान कर पाएगा ? फिलहाल जावरा में अंडरब्रिज राहत से ज्यादा इंतजार और परेशानी का प्रतीक बन गया है। नागरिकों की मांग है कि संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाएं, बिजली पोल तत्काल हटाएं और बारिश से पहले निर्माण पूर्ण कर शहर को राहत दें।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

