– कचरे से पटी रहीं शहर की सड़कें, रात की बैठक में 5 में से 4 मांगों पर सहमति
— सुबह से काम पर लौटेंगे सफाई कर्मी
जावरा। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर शुक्रवार को पूरे शहर में साफ दिखाई दिया। सुबह से ही मुख्य मार्गों, कॉलोनियों और बाजार क्षेत्रों में कचरा नहीं उठने से सड़कें गंदगी से पट गईं। कई स्थानों पर कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग गए, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बदबू और गंदगी के कारण नागरिकों में भी नाराजगी देखी गई। सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर सुबह घंटाघर चौराहे पर पहुच कर नारेबाजी की l
हड़ताल के चलते नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पूरी तरह ठप रहा। वार्डों में कचरा वाहन नहीं पहुंचे और नालियों व सड़क किनारे जमा कचरा दिनभर पड़ा रहा। बाजार क्षेत्र, बस स्टैंड के आसपास और प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थिति अधिक खराब रही। इसी बीच देर रात नगर पालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष व अधिकारियो की मौजूदगी में कर्मचारी संघ के किशोर कल्याणे, करण कल्याणे, प्रकाश बारवासे, शिव चावरे, पुखराज बिडवान और नगर पालिका अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर विस्तृत चर्चा हुई और 5 में से 4 मांगों पर सहमति बन गई। समझौता होने के बाद कर्मचारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि आश्वासन पर अमल की शर्त के साथ कर्मचारी शनिवार सुबह से पुन: सफाई कार्य पर लौट आएंगे। नगर पालिका प्रशासन ने भी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि एक-दो दिन में शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी।
जारी सहमति पत्र के अनुसार —
– कर्मचारियों का वेतन 1 से 10 तारीख के बीच भुगतान किया जाएगा।
– महिला-पुरुष कर्मचारियों को एक माह के भीतर ड्रेस (सूट/साड़ी) उपलब्ध कराई जाएगी।
– दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के कार्य दिवस 29-30 दिन मानने की कार्रवाई की जाएगी।
– कर्मचारियों के एरियर की राशि चार किश्तों में दी जाएगी तथा वेतन कटौती नहीं होगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

