– जावरा के सरकारी अस्पताल में सुबह 10 बजे होगा टीकाकरण
जावरा। भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार सिविल हॉस्पिटल जावरा के न्यू मैटरनिटी विंग में शनिवार सुबह 10 बजे से 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जाएगी। इस राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ नई दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा।
प्रभारी सुपरवाइजर शैलेन्द्र कुमार दवे ने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रतलाम डॉ. संध्या बेलसरे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वर्षा कुरील के मार्गदर्शन तथा सीबीएमओ डॉ. शंकरलाल खराड़ी एवं सिविल हॉस्पिटल जावरा प्रभारी डॉ. दीपक पालडिय़ा के निर्देशन में विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान आयोजित किया जा रहा है। प्रारंभिक 90 दिनों के विशेष अभियान में 14 वर्ष आयु की सभी बालिकाएं यह टीका पूरी तरह नि:शुल्क लगवा सकेंगी।
85 प्रतिशत तक कम होगी कैंसर की संभावना –
उन्होंने बताया कि किशोरावस्था में यह टीका लगने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर होने का खतरा लगभग 85 प्रतिशत तक कम हो जाता है। बाजार में इस टीके की कीमत करीब 4000 रुपये है, जबकि यहां इसे मुफ्त लगाया जा रहा है। टीका 0.5 एमएल की सिंगल डोज के रूप में इंट्रामस्क्युलर लगाया जाएगा।
मिले 930 डोज एचपीवी –
सिविल हॉस्पिटल जावरा के कोल्ड चेन सेंटर पर सुपरवाइजर अनिल पटेल द्वारा कुल 930 डोज एचपीवी वैक्सीन प्राप्त कर ली गई हैं। यह वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (॥क्कङ्क) के टाइप 16 और 18 से प्रमुख सुरक्षा प्रदान करती है तथा टाइप 6 और 11 से भी बचाव करती है। अभियान के लिए बीईई बसंतीलाल मईड़ा को नोडल अधिकारी एवं बीपीएम रघुनंदन पाटीदार को सह-समन्वयक बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष की बेटियों को निर्धारित समय पर अस्पताल लाकर यह जीवनरक्षक टीका अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में होने वाले गंभीर कैंसर से समय रहते सुरक्षा मिल सके।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

