– होटल गोल्डन लीफ पर हुआ आयोजन, प्राथमिक उपचार और सीपीआर का दिया डेमो
जावरा। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जावरा संभाग द्वारा अधीनस्थ लाइन कर्मचारियों को सुरक्षित ढंग से कार्य करने के लिए विद्युत सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण होटल गोल्डन लीफ में कार्यपालन यंत्री महेंद्र शंकर दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें संभाग के लगभग 80 आउटसोर्स एवं नियमित कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्युत लाइनों पर कार्य करते समय होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षा उपकरणों का सही उपयोग तथा कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति कर्मचारियों को जागरूक करना रहा। उज्जैन से आए सेवानिवृत्त कार्यपालन यंत्री अभय जैन एवं आर.एन. व्यास ने कर्मचारियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने अर्थिंग, लाइन परमिट, आइसोलेशन, सुरक्षा बेल्ट, हेलमेट एवं ग्लव्स के उपयोग सहित मानक कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
दिया सीपीआर का डेमो –
कार्यक्रम में चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. एच. एस. राठौर एवं उनके सहायक असदउल्ला खान और प्रवीण पाठक ने विद्युत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दिए जाने वाले प्राथमिक उपचार और सीपीआर (कार्डियो-पल्मोनरी रेससिटेशन) की लाइव डेमो के साथ जानकारी दी। कर्मचारियों को बताया गया कि समय पर सीपीआर देने से कई बार गंभीर हादसे में भी जान बचाई जा सकती है। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी कनिष्ठ यंत्री भावेश कुमार रहे। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री विक्रांत ठाकुर, प्रबंधक जी.पी. साकेत तथा वितरण केंद्रों के प्रभारी शुभम मिश्रा, राहुल अहिरवार, संजय खरत, हरिओम, राजकुमार मौर्य, इरफान अंसारी, भुरे सिंह पटेल, रोहित रंजन चौधरी एवं शशिकांत सहित संभाग के सभी इंजीनियर उपस्थित रहे। संचालन जितेंद्र सिंह राठौर ने किया। आभार रवि कपासिया ने माना।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

