– अतिवृष्टि से नुकसान का सर्वे और मुआवजा तय करने की मांग
– बांछड़ा समाज के बच्चों के लिए छात्रावास खोलने का मुद्दा भी उठाया
जावरा/भोपाल। जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान क्षेत्र से जुड़े अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बीते दिनों क्षेत्र में बेमौसम तेज वर्षा और आंधी से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान का मामला सदन में रखते हुए सरकार से शीघ्र राहत दिलाने की मांग की।
डॉ. पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों के प्रति संवेदनशील रहे हैं और पूर्व में भी प्राकृतिक आपदा के समय क्षेत्र में पहुंचे थे। उन्होंने पहली बार अतिवृष्टि क्षतिपूर्ति के साथ पीले मोजेक रोग को राहत योजना में शामिल कर किसानों को सहायता प्रदान की थी। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बेमौसम वर्षा से कई गांवों में फसलें प्रभावित हुई हैं, इसलिए प्रशासनिक अमला तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर सर्वे करे तथा किसानों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए। इस पर राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने सदन में बताया कि संबंधित अधिकारियों को सर्वे के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सर्वे रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद किसानों को मुआवजा सुनिश्चित किया जाएगा।
बांछड़ा समाज के उत्थान का मुद्दा भी गूंजा –
विधायक डॉ. पांडेय ने क्षेत्र के बांछड़ा समाज से जुड़ी समस्याओं को भी सदन में उठाया। उन्होंने हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों के कारण सामाजिक व आपराधिक समस्याएं सामने आती हैं, जिससे अन्य वर्गों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने समाज के बच्चों की शिक्षा के लिए ढोढर और चिकलाना में छात्रावास स्वीकृत करने, कुरीतियों को समाप्त करने तथा समाज को शिक्षा व रोजगार से जोडऩे के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की। इस पर अनुसूचित जाति मंत्री नागर सिंह चौहान ने जानकारी दी कि बांछड़ा समाज के लोगों के जाति प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं और अब तक 107 प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। साथ ही एनजीओ और महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से जाबाली योजना के तहत समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

