– औद्योगिक विकास, स्वास्थ के साथ पर्यावरण से जुड़े मुद्दे भी उठाए
जावरा। प्रदेश में नशे के कारोबार और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने व्यापक कार्रवाई की है। बीते दो वर्षों में इंदौर-उज्जैन संभाग के जिलों में नशीले पदार्थों व अवैध हथियारों से जुड़े 61 हजार 490 मामले दर्ज कर कार्रवाई की गई है। यह जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रश्न के उत्तर में दी।
विधायक डॉ. पांडेय ने संभाग में बढ़ती नशीली वस्तुओं की बिक्री और अवैध हथियारों की गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कार्रवाई की प्रगति पूछी थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि दर्ज मामलों में उज्जैन संभाग में 27,720 मामले तथा इंदौर संभाग में 33,770 मामले दर्ज हैं। इन कार्रवाइयों में एमडी ड्रग, अफीम, डोडा-चूरा, अवैध शराब तथा अवैध हथियारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाए गए। इसके साथ ही दोनों संभागों में लगभग ढाई हजार अपराधियों को जिला बदर भी किया गया। सीमावर्ती जिलों के बीच बेहतर तालमेल के लिए 129 समन्वय बैठकें भी आयोजित की गईं।
रतलाम जिले में औद्योगिक विकास –
मुख्यमंत्री ने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में बताया कि रतलाम जिले में 4 औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए गए हैं। आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बाद निवेशकों को उद्योग संचालन की अनुमति दी गई है। जिसके तहत 75 भूखंड आवंटित किए गए हैं। 13 स्थानों पर उत्पादन शुरू हो चुका है। 11 निवेशकों को नया आवंटन किया गया हैं। बहु उत्पाद औद्योगिक पार्क जावरा में 12 निवेशकों के पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। यहां सीसी रोड, स्टॉर्म वॉटर ड्रेन, सीवर लाइन, यूटिलिटी लाइन, जल वितरण व्यवस्था, सम्पवेल, ओवरहेड टैंक तथा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जा चुका है, जबकि विद्युतीकरण और एप्रोच रोड का कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार मेगा इंडस्ट्रियल पार्क रतलाम में सड़क, नाली, ड्रेनेज, बिजली व जल आपूर्ति से संबंधित अधोसंरचना विकसित की जा रही है। तीन भूखंड निरस्तीकरण की प्रक्रिया में हैं।
सीएसआर से 21 करोड़ के जनकल्याण कार्य –
कम्पनी अधिनियम के तहत कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत रतलाम जिले में एक निजी कंपनी द्वारा पिछले 5 वर्षों में लगभग 21 करोड़ रुपए खर्च किए गए। राशि शिक्षा, पर्यावरण, स्वास्थ्य, विरासत संरक्षण और खेल गतिविधियों पर व्यय की गई।
जावरा क्षेत्र में पर्यटन व स्वास्थ्य सुविधाएं –
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए ग्राम सुजापुर, मनकामेश्वर मिंडाजी और नन्दावता में नई कार्ययोजना तैयार कर स्वीकृति प्रक्रिया चल रही है। उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जानकारी दी कि जावरा क्षेत्र के कमलाखेड़ा, धतुरिया, आक्यादेह, बड़ीनाल और बामनघाटी में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जो प्रक्रियाधीन है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

