– हवालात में संदिग्ध मौत से मचा बवाल, बेटी ने ही बाप पर लगाए थे रेप के आरोप
– पुलिस कस्टडी में आत्महत्या के बाद सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
नामली। रतलाम जिले के नामली थाने में एक बंदी द्वारा हवालात में पुलिस कस्टडी के बीच फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना ने पूरे पुलिस महकमे में सनसनी फैला दी। घटना के बाद तत्काल अफसर मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
बेटी ने लगाए थे दुष्कर्म के गंभीर आरोप –
मृतक के खिलाफ उसकी ही 16 वर्षीय बेटी ने बुधवार शाम दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। एफआईआर में दो बार रेप करने का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को रात 9.40 बजे गिरफ्तार कर लिया था।
सीसीटीवी में कैद आखिरी पल –
पुलिस के अनुसार आरोपी रात करीब 2.30 बजे तक हवालात में सामान्य दिखाई दिया। सुबह 4 बजे जब सीसीटीवी देखा गया, तो वह फंदे पर लटका नजर आया। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि उसने अपने लोअर के नाड़े से पानी के पाइप में फांसी लगा ली थी।
अफसरों की दौड़-भाग, जांच शुरू –
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी किशोर पाटनवाल, डीएसपी अजय सारवान, एफएसएल के अतुल मित्तल की टीम, एसडीएम विवेक सोनकर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी थाने पहुंचे। मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
परिजनों ने लगाए साजिश के आरोप –
मृतक के परिजनों ने पूरे मामले को साजिश बताया है। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष ने परेशान कर झूठा केस दर्ज करवाया और बेटी से दबाव में शिकायत करवाई गई। परिजनों के अनुसार मृतक ने पहले अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत की थी। इसके कुछ घंटों बाद ही बेटी ने मां के साथ मिलकर थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज कराया।
पुलिस व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल –
हवालात के अंदर हुई इस घटना ने पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी ने फांसी कैसे लगा ली ?
जांच जारी, सच का इंतजार –
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। हर पहलू को ध्यान में रखते हुए सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है। अब सवाल यही—आत्महत्या या लापरवाही ? सच क्या है, ये जांच के बाद ही सामने आएगा।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

