– स्कूल जाने की उम्र में ही जिंदगी का सफर खत्म, घर के पास स्थित स्वयं के कुएं में मिले मां और दो मासूम बच्चों के शव
– घटना से गांव में पसरा मातम, आत्महत्या की वजह फिलहाल अज्ञात, पुलिस जांच में जुटी
जावरा। एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जावरा विधानसभा के गांव मीनाखेड़ा में बच्चों को स्कूल लेकर निकली एक मां ने अपने ही दो मासूम बच्चों के साथ घर के समीप स्थित स्वयं के कुएं में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में मां सहित दोनों बच्चों की मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार, दयाबाई पति हरिओम मालवीय (25) ने अपनी बेटी दक्षु को स्कूल के तैयार किया और अपने दोनों बच्चों दक्षु (5) और अरविन्द (3) सभी निवासी मीनाखेड़ा को लेकर बेटी को स्कूल छोडने का बोलकर घर से निकली थी। इसी दौरान उसने घर के समीप स्थित अपने कुएं में दोनों बच्चों के साथ छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल उपचार के लिए जावरा के निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद तीनों के शव जावरा सिविल अस्पताल भेजे गए, जहां उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया।
पुलिस जांच में जुटी, कारणों का खुलासा नहीं –
मामले में हुसैन टेकरी चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी ने बताया कि फिलहाल मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किए जाएंगे। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस द्वारा जांच एवं परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
कई सवाल छोड़ गई हृदयविदारक घटना –
महज 25 वर्ष की उम्र में एक मां और उसके दो मासूम बच्चों की इस तरह असमय मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि एक परिवार पर यह दुखद घड़ी आ गई? घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है? पारिवारिक कलह हैं या कुछ ओर वजह? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एक साथ तीन जिंदगियों के खत्म होने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

