– मुंबई की ओर ले जाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश, एक्सप्रेस-वे पर ट्रक डिटेक्ट होते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम
– नूंह जिले में खराब होने पर ट्रक छोड़कर फरार हुए आरोपी।
जावरा। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने तत्परता और बेहतर पुलिस समन्वय का परिचय देते हुए चोरी गए करीब 27 लाख रुपए कीमत के आयशर ट्रक को महज 24 घंटे के भीतर हरियाणा के जिला नूंह से बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते चोर ट्रक को अपने साथ ले जाने में सफल नहीं हो सके। हालांकि, आरोपी ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
मुंबई की ओर ले जाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश –
जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को ग्राम भूतेड़ा निवासी अंकलेश्वर पिता प्रभुलाल भील (22) ने थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका आयशर ट्रक क्रमांक RJ 09 GE 5978 अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए हैं। ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपए बताई गई। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
टोल नाकों के कैमरों से मिला अहम सुराग –
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने टोल बैरियरों से ट्रक की आवाजाही संबंधी जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले ट्रक को मुंबई की ओर ले गए, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। इसके बाद रात करीब 3 बजे ट्रक के दिल्ली की ओर वापस जाने की जानकारी मिली। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर ट्रक डिटेक्ट हो गया।
हरियाणा के नूंह में खराब हुआ ट्रक, आरोपी फरार –
ट्रक की लोकेशन मिलते ही जावरा पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई और लगातार उसका पीछा करते हुए रास्ते के पुलिस थानों एवं चौकियों को सूचना दी। हरियाणा के जिला नूंह स्थित चौकी जयसिंहपुरा पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। इसी बीच सूचना मिली कि जिला नूंह के कलिंजरा टोल के पास ट्रक खराब हो गया है। इसके चलते आरोपी ट्रक को वहीं छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर चौकी जयसिंहपुरा पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया।
आरोपियों की तलाश जारी –
रतलाम पुलिस और हरियाणा पुलिस के आपसी समन्वय से चोरी गया 27 लाख रुपए कीमत का आयशर ट्रक बरामद कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है तथा मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका –
कार्रवाई में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा निरीक्षक सुमित मिश्रा, उप निरीक्षक प्रदीप शर्मा, प्रधान आरक्षक बालकृष्ण चंदेल, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह तथा हरियाणा के जिला नूंह स्थित चौकी जयसिंहपुरा प्रभारी उप निरीक्षक बलवीर सिंह एवं सहायक उप निरीक्षक शमीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

