– रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पीटा एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
जावरा/रतलाम। जिले में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना रिंगनोद पुलिस ने एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार करते हुए दो नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अनैतिक देह व्यापार के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम परवलिया में एक महिला के घर दबिश दी गई, जहां से दो नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू किया गया।
मौके से युवक गिरफ्तार –
कार्रवाई के दौरान मौके पर एक युवक माखन पिता प्रकाश वानखेडे (22) निवासी झिरनिया, जिला खरगोन को अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने महिला आरोपी एवं युवक के खिलाफ थाना रिंगनोद में बीएनएस की धारा 143(4), 3(5), अनैतिक देह व्यापार (पीटा एक्ट) की धारा 3, 4, 5, 6 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत प्रकरण दर्ज किया हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रिंगनोद आनन्द सिंह आजाद, थाना प्रभारी बडावदा वैभव प्रिय (भा.पु.से.), महिला थाना प्रभारी रेखा चौधरी, चौकी प्रभारी ढोढर उनि रघुवीर जोशी के साथ महिला थाना रतलाम, पुलिस थाना रिंगनोद, पुलिस थाना बडावदा व पुलिस चौकी ढोढर की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

