– कृष्णा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित स्कूल प्रीमियर लीग में वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, शतरंज व टेबल टेनिस में छात्रों ने दिखाया दमखम
जावरा। कृष्णा फाउंडेशन जावरा द्वारा आयोजित स्कूल प्रीमियर लीग के अतर्गत मंगलवार को विभिन्न खेलों में रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें नगर के प्रतिष्ठित स्कूलों के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास करना रहा।
वॉलीबॉल में जावरा पब्लिक और सेंट पॉल का दबदबा –
गर्ल्स वॉलीबॉल में जावरा पब्लिक स्कूल ने महावीर जैन स्कूल को पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं बॉयज वर्ग में सेंट पॉल स्कूल ने महावीर जैन स्कूल को हराकर जीत दर्ज की।
खो-खो में महावीर जैन और त्रिमूर्ति विजयी –
गर्ल्स खो-खो में महावीर जैन स्कूल ने त्रिमूर्ति स्कूल को शिकस्त देकर जीत अपने नाम की, जबकि बॉयज वर्ग में त्रिमूर्ति स्कूल ने सरस्वती स्कूल को हराकर विजेता का खिताब जीता।
कबड्डी में जावरा पब्लिक का शानदार प्रदर्शन –
कबड्डी बॉयज वर्ग में जावरा पब्लिक स्कूल ने त्रिमूर्ति कॉन्वेंट को हराया, वहीं गर्ल्स वर्ग में भी जावरा पब्लिक स्कूल ने फिनिक्स स्कूल पर शानदार जीत हासिल की।
शतरंज और टेबल टेनिस में भी दिखी बौद्धिक और कौशल की टक्कर –
शतरंज गर्ल्स वर्ग में सेंट पीटर स्कूल ने जावरा पब्लिक को हराकर जीत दर्ज की, जबकि बॉयज वर्ग में जावरा पब्लिक स्कूल ने सेंट पीटर को मात दी। टेबल टेनिस बॉयज वर्ग में महावीर जैन स्कूल ने त्रिमूर्ति स्कूल को हराया, वहीं गर्ल्स वर्ग में त्रिमूर्ति स्कूल ने सेंट पीटर स्कूल को पराजित कर विजय हासिल की।
गरिमामयी अतिथियों की उपस्थिति ने बढ़ाया आयोजन का गौरव –
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि, जनपद सदस्य प्रिया कुंवर, अग्निबाण जिला ब्यूरो पवन शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार जगदीश राठौर, जावरा हेडलाइंस के चीफ एडिटर शैलेंद्र सिंह चौहान एवं पत्रिका के ब्यूरो चीफ आशीष शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि इस खेल महोत्सव ने न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच दिया बल्कि जावरा क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा प्रदान की। अतिथियों का स्वागत रविन्द्रसिंह सिसोदिया, अभिषेक शर्मा, गौरव कच्छावा, हर्षित सोलंकी, महेंद्र सिंह चौहान, पीयूष केथवास एवं अजय वर्मा ने किया। प्रतियोगिता का सफल संचालन कृष्णा फाउंडेशन के रूपेंद्र सिंह चौहान द्वारा किया गया। कार्यक्रम की जानकारी संस्था के रवि शर्मा द्वारा दी गई।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

