– फायरलेस कुकिंग, दीया मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
– भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की नाट्य प्रस्तुति ने दिया संस्कारों का संदेश
जावरा। महावीर जैन नेशनल स्कूल, जावरा में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में चार दिवसीय भव्य दीपावली महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। चार दिनों तक चले इस आयोजन में विद्यालय परिसर आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी, सुंदर रंगोलियों और पारंपरिक सजावट से जगमगा उठा। विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और त्योहारों के महत्व से परिचित कराया गया।
महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों के लिए दीया मेकिंग, फायरलेस कुकिंग, कक्षा-वार रंगोली एवं इंटर हाउस रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
फायरलेस कुकिंग में दिखाई पाक कला –
फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें विद्यार्थियों ने बिना आग का उपयोग किए विभिन्न स्वादिष्ट एवं आकर्षक व्यंजन तैयार किए। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता, सुरक्षा और रचनात्मक पाक-कला का अनुभव प्राप्त हुआ। वहीं, दीया मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने सुंदर रंगों एवं आकर्षक डिजाइनों से अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। इंटर हाउस रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने टीम भावना, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया।
भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की नाट्य प्रस्तुति ने मोहा मन –
चार दिवसीय महोत्सव का प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। इसमें विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के 14 वर्षों का वनवास पूर्ण कर अयोध्या लौटने की घटना को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत किया। अयोध्यावासियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर भगवान श्रीराम का स्वागत करने के दृश्य ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि दीपावली केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। कार्यक्रम में शिक्षकों द्वारा भी विशेष नाट्य प्रस्तुति दी गई। अपने अभिनय के माध्यम से शिक्षकों ने विद्यार्थियों को दीपावली का वास्तविक अर्थ समझाते हुए खुशियां बांटने, जरूरतमंदों की सहायता करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्राचार्य डॉ. अश्विन गंगवाल ने बताया दीपावली का महत्व –
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अश्विन गंगवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दीपावली के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से दीपावली से जुड़े रोचक प्रश्न पूछकर संवादात्मक तरीके से पर्व की परंपराओं और महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि दीपावली भगवान श्रीराम के 14 वर्षों के वनवास के पश्चात अयोध्या आगमन की खुशी में मनाई जाती है। यह पर्व हमें सत्य, धर्म, प्रेम, सद्भावना और सकारात्मक विचारों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। डॉ. गंगवाल ने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पटाखे जलाते समय आवश्यक सावधानियां बरतने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा बेजुबान पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की।
भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोडऩे का प्रयास –
चार दिनों तक चले इस महोत्सव में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आकर्षक विद्युत सज्जा, मनमोहक रंगोलियों, रचनात्मक प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया। महावीर जैन नेशनल स्कूल सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, सभ्यता और गौरवशाली परंपराओं से जोडऩे के लिए प्रयासरत है। विद्यालय में आयोजित ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें रचनात्मकता, नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। चार दिवसीय दीपावली महोत्सव ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी केवल उत्सव मनाने में नहीं, बल्कि उनसे मिलने वाली सीख और संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने में है। 



Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

