– विभिन्न खेलों में चुने गए खिलाड़ी 20 जनवरी को रतलाम में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
पिपलौदा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स की ब्लॉक स्तरीय चयन प्रतियोगिता का सफल आयोजन सीएम राइज स्कूल, पिपलौदा में किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के सैकड़ों खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता के अंतर्गत वॉलीबॉल, पिट्टू, खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स, थ्रोबॉल, बैडमिंटन, फुटबॉल एवं रस्साकसी जैसे विविध खेलों में खिलाडिय़ों का चयन किया गया। चयनित सभी टीमें आगामी 20 जनवरी को रतलाम में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पिपलौदा ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रवीण सिंह राठौर (भाजपा नगर अध्यक्ष, पिपलौदा) रहे। विशेष अतिथियों में रामलाल मईडा (प्राचार्य, एकीकृत कन्या विद्यालय पिपलौदा) एवं संजय शर्मा (प्राचार्य, सीएम राइज स्कूल पिपलौदा) उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राशिद खान, खेल समन्वयक राहुल वर्मा, तथा खेल प्रशिक्षकों अक्षत जैन, शिवम यादव, अमित मोगरा, वसीम मंसूरी, विशाल परमार, राजेश निनामा, विमल कुमावत एवं हिमांशु चौधरी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन अंशुल शर्मा द्वारा किया गया, वहीं अंत में खेल समन्वयक पिपलौदा शाहिद हुसैन ने आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़ों में खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे पिपलौदा क्षेत्र की खेल प्रतिभा का उज्ज्वल भविष्य स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

