– नामली में 9 महाविद्यालयों के 30 खिलाडिय़ों के बीच मुकाबला, जावरा की दोनों बेटियों का शानदार प्रदर्शन; अब संभाग स्तरीय प्रतियोगिता पर नजर
रतलाम/जावरा। नामली में शतरंज की बिसात पर जावरा की बेटियों ने अपनी चालों का दम दिखाया। जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में जावरा निवासी चांदनी जाटव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में पहला स्थान हासिल किया, जबकि मुस्कान नेका ने दूसरा स्थान प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया। मुस्कान वर्तमान में शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम में अध्ययनरत हैं। 9 महाविद्यालयों के 30 खिलाडिय़ों के बीच हुए मुकाबलों में जावरा की दोनों खिलाडिय़ों का प्रदर्शन खासा चर्चा में रहा।
शासकीय महाविद्यालय नामली में जिला स्तरीय शतरंज (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्य डॉ. धर्मेन्द्र सिंह फिरोजिया के मार्गदर्शन एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. दीपेश चंद्र पुरोहित के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 9 महाविद्यालयों से 21 पुरुष एवं 9 महिला खिलाडय़िों सहित कुल 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
महिला वर्ग में इन्होने लहराया परचम –
महिला वर्ग में जावरा निवासी चांदनी जाटव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल की। वहीं जावरा निवासी मुस्कान नेका ने दूसरा स्थान हासिल किया। मुस्कान वर्तमान में शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम में अध्ययनरत हैं। जावरा की दोनों खिलाडिय़ों के इस प्रदर्शन से शहर का नाम जिला स्तर पर गौरवान्वित हुआ। वहीं प्रतियोगिता में डिंपल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम ने तीसरा, योगिता शहीद भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जावरा ने चौथा तथा वंदना कसेरा डॉ. कैलाश नाथ काटजू विधि महाविद्यालय, रतलाम ने पांचवा स्थान प्राप्त किया।
पुरुष वर्ग में दीपेश जगदावत अव्वल –
पुरुष वर्ग में शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम के दीपेश जगदावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अर्पित चौधरी द्वितीय, श्री अरिहंत कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल एजुकेशन के दिव्यांश कसेरा तृतीय, सत्यपाल सिंह राणावत चतुर्थ तथा डॉ. कैलाश नाथ काटजू विधि महाविद्यालय के अक्षत सोनी पांचवें स्थान पर रहे।
इन महाविद्यालय के खिलाडिय़ों ने की थी सहभागिता –
प्रतियोगिता में शासकीय महाविद्यालय सैलाना, पिपलौदा, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम, स्वामी विवेकानंद वाणिज्य महाविद्यालय, शहीद भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जावरा, डॉ. कैलाश नाथ काटजू विधि महाविद्यालय रतलाम, श्री अरिहंत कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल एजुकेशन रतलाम, शासकीय महाविद्यालय नामली एवं कन्या महाविद्यालय रतलाम के खिलाडिय़ों ने भाग लिया। आयोजन में मुख्य अतिथि एवं प्रेक्षक प्राचार्य डॉ. विद्या तिवारी तथा प्राचार्य डॉ. प्रकाश भालसे की उपस्थिति रही। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, डॉ. राहुल सोनावा, डॉ. अर्पिता फरक्या, सुश्री राधा निनामा, डॉ. पुनीत गुप्ता, डॉ. जितेंद्र शर्मा तथा निर्णायक गौतम पथरोड़ एवं प्रकाश वर्मा का सहयोग सराहनीय रहा।
अब संभाग स्तरीय मुकाबले की तैयारी –
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी अब 3 अक्टूबर को स्वामी विवेकानंद वाणिज्य महाविद्यालय, रतलाम में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में शामिल होंगे। ऐसे में जावरा की चांदनी जाटव और मुस्कान नेका के प्रदर्शन पर अब सभी की नजरें रहेंगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

