– महावीर जैन नेशनल स्कूल के लिए दोहरी उपलब्धि, 16 से 20 नवंबर तक गुना में होगी 70वीं अंडर-14 एसजीएफआई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
जावरा। महावीर जैन नेशनल स्कूल के लिए गौरव का विषय है कि विद्यालय के प्रतिभाशाली बास्केटबॉल खिलाड़ी इशान जोशी का चयन 70 वीं अंडर-14 एसजीएफआई राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इशान आगामी प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 20 नवंबर तक गुना में किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न संभागों की टीमें हिस्सा लेंगी।
विद्यालय के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि विद्यालय के हेड ऑफ स्पोर्ट्स रविंद्र सिंह सिसोदिया को इसी प्रतियोगिता में उज्जैन संभागीय अंडर-14 बालिका बास्केटबॉल टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति खेल के क्षेत्र में उनके अनुभव, समर्पण, कुशल प्रशिक्षण और खिलाडय़िों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की क्षमता का परिचायक है। इशान जोशी के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयन और रविंद्र सिंह सिसोदिया की हेड कोच के रूप में नियुक्ति से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
प्राचार्य ने दी दोनो को बधाई –
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अश्विन गंगवाल ने दोनों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य डॉ. गंगवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की खेल क्षेत्र में निरंतर बढ़ती उपलब्धियां पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने इशान को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही रविंद्र सिंह सिसोदिया के कुशल मार्गदर्शन में उज्जैन संभागीय बालिका टीम की सफलता की कामना की। विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है। विद्यालय में अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और बेहतर प्रशिक्षण वातावरण के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर प्रदान किए जाते हैं। यही कारण है कि विद्यालय के विद्यार्थी लगातार जिला, संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। इशान जोशी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन और रविंद्र सिंह सिसोदिया की हेड कोच के रूप में नियुक्ति महावीर जैन नेशनल स्कूल की खेल उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं खेल विभाग ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

०००००००००००००००००
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

