– पिक्कलबॉल कोर्ट, बॉक्स क्रिकेट एरिना, फुटबॉल कोर्ट और इंटरनेशनल स्तर के बास्केटबॉल कोर्ट की सौगात
जावरा। जावरा में शिक्षा के साथ खेलों को नई दिशा देने की पहल के तहत जावरा पब्लिक स्कूल परिसर में अत्याधुनिक जेपीएस सिटी टर्फ का भव्य शुभारंभ किया गया। विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय सहित विद्यालय प्रबंधन और बड़ी संख्या में अभिभावकों की मौजूदगी में आधुनिक खेल सुविधाओं का उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों का विद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय प्रबंधन समिति के निर्देशक विनोद मूणत, कमल मूणत, अशोक मूणत, शोभित मूणत एवं सुबाहु मूणत द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
खेल जीवन में लाता अनुशासन –
इस अवसर पर निदेशक विनोद मूणत ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध रहा है और खेल जीवन में अनुशासन, नेतृत्व एवं आत्मविश्वास का निर्माण करते हैं। वहीं डायरेक्टर कमल मूणत ने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाएं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेंगी।
प्राचार्य ने गिनाई विद्यालय की उपलब्धी –
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पियूष मूणत ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यालय की निरंतर प्रगति, जावरा में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के प्रयास, इको-फ्रेंडली कैंपस, तीन बार जिला टॉपर देने की उपलब्धि, बॉटनिकल गार्डन, आर्ट इंटीग्रेटेड लर्निंग एवं स्थायी शैक्षणिक शिक्षकों जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
खेल परिसर को बतया प्रेरणा स्त्रोत –
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेलों को समान महत्व देना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने इस आधुनिक खेल परिसर को जावरा के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
फीता काटकर किया शुभारंभ –
इसके पश्चात विधायक डॉ पाण्डेय सहित सभी अतिथियों द्वारा फीता काटकर जेपीएस सिटी टर्फ, पिक्कलबॉल कोर्ट, बॉक्स क्रिकेट एरिना, फुटबॉल कोर्ट, स्केटिंग ट्रैक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल कोर्ट का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के बाद अतिथियों एवं निदेशकों ने स्वयं टर्फ में उतरकर उद्घाटन शॉट खेलकर खेल परिसर का शुभारंभ किया और खेल गतिविधियों का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. पियूष मूणत ने सभी को भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की एवं आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और गौरव से भर उठा।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

