– सबसे आगे सैलाना 57.77प्रतिशत, सबसे कम रतलाम सीटी 43.31 प्रतिशत
– जावरा विधानसभा में दोपहर 1 बजे तक 51.71 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग
– प्रत्याशियों ने अपने अपने पोलिंग पर पहुंचकर डाले वोट
– सांसद सुधीर गुप्ता ने भी जावरा शहर के पोलिंग बुथों पर किया अवलोकन
जावरा। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर आज मतदान किया जा रहा है, रतलाम जिले में दोपहर 1 बजे तक करीब 52.44 प्रतिशत मतदान हो चुका है, जिले की सबसे चर्चित जावरा विधानसभा सीट पर भी करीब 51.71 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वही सैलाना विधानसभा पर सर्वाधिक 57.77 प्रतिशत, तथा सबसे कम रतलाम सीटी 43.31 प्रतिशत मतदान हुआ है, चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने भी सुबह अपने अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदान किया और अन्य बुथों पर निरीक्षण के लिए निकले। इधर सभी प्रत्याशियों द्वारा नियुक्त पोलिंग एजेंट अपने अपने पोलिंग पर किला लड़ा रहे है। पुरे शहर में कभी भी किसी प्रकार के विवाद की सूचना नहीं मिली है, हालाकि कहीं कहीं मशीनों में तकनिकी खराबी की खबरे मिल रही है, जिनके चलते कुछ समय के लिए मतदान बाधित हो हुआ। बहरहाल दोपहर तक समुचे रतलाम जिले में शांतीपूर्ण मतदान जारी है। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह है, वहीं इस बार चुनाव में लोगों में मतदान को लेकर अत्यधीक रूचि दिखाई दे रही है।
सांसद सुधीर गुप्ता ने किया मतदान केन्द्रों का अवलोकन –
विधानसभा चुनाव के बीच मंदसौर संसदीय क्षैत्र के अन्तर्गत आने वाली जावरा विधानसभा के पोलिंग बूथों का अवलोकन करने सांसद सुधीर गुप्ता भी जावरा पहुंचे। सांसद गुप्ता ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, रेडक्रास सोसायटी चेयरमेन वीरेन्द्र सिसौदिया, अतुल मेहता, शरद डुंगरवाल आदि के साथ जावरा शहर के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। मतदान प्रारंभ होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी वीरेन्द्रसिंह सोलंकी ने अपनी पत्नी रेखा सोलंकी के साथ सुभाष स्कूल स्थित पोलिंग पर पहुंचकर मतदान किया। विधायक डॉ राजेन्द्र पाण्डेय ने भी अपनी पत्नी रश्मि पाण्डेय के साथ जाकर मतदान किया। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी जीवनसिंह शेरपुर ने भी अपने मतदान केन्द्र शेरपुर में मतदान किया।
दोपहर 1 बजे तक जिले की स्थिति –
शुक्रवार को सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक समुचे रतलाम जिले में करीब 52 .44 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिसमें पुरुषों ने 52.56 प्रतिशत, महिलाओं ने 52.31 प्रतिशत तो अन्य ने 35.29 प्रतिशत मतदान अब तक किया है। रतलाम ग्रामीण विधानसभा 219 में 56.88 प्रतिशत, रतलाम सीटी 220 में 43.31 प्रतिशत, सैलाना 221 में 57.77 प्रतिशत, जावरा 222 में 51.71 प्रतिशत तथा आलोट 223 में 52.79 प्रतिशत मतदान किया गया है। जिलें में दोपहर 1 बजे तक सर्वाधिम मतदान सैलाना विधानसभा में हुआ है तो सबसे कम रतलाम शहर में हुआ है।




