– शादी समारोह शुरू होने से दो दिन पहले प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी युवती
– कुम्हारीपुरा में समाजजनों की मौजूदगी में निभाई गई गोरनी की रस्म
जावरा। प्रेम विवाह को लेकर जावरा के कुम्हारीपुरा क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सामाजिक परंपराओं, पारिवारिक रिश्तों और व्यक्तिगत पसंद को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अपनी शादी की तैयारियों के बीच प्रेमी के साथ घर छोड़कर जाने वाली युवती से नाराज परिजनों ने सोमवार सुबह सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार उसकी ‘गोरनी’ कर दी। इस रस्म के जरिए परिजनों ने युवती से अपना नाता समाप्त करने का ऐलान किया। परिजनों की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि “अब वह हमारे लिए मर गई है, उससे हमारा कोई रिश्ता नहीं रहा।”
शादी की तैयारियों के बीच प्रेमी के साथ चली गई थी युवती –
जानकारी के अनुसार, कुम्हारीपुरा क्षेत्र की युवती के घर में विवाह समारोह की तैयारियां चल रही थीं। परिवार में शादी की खुशियां और आयोजन की तैयारियां थीं तथा विवाह समारोह शुरू होने में महज दो दिन शेष थे। इसी बीच युवती अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई और प्रेम विवाह कर लिया। इस घटनाक्रम से परिवार में नाराजगी फैल गई। परिजनों ने युवती के इस फैसले को स्वीकार नहीं किया और उससे पारिवारिक संबंध खत्म करने का निर्णय लिया।
समाजजनों की मौजूदगी में हुई गोरनी की रस्म –
सोमवार सुबह परिजनों ने समाजजनों और अन्य लोगों की मौजूदगी में गोरनी की रस्म आयोजित की। सामने आए फोटो में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर रस्म में शामिल दिखाई दे रहे हैं। मौके पर पूजा सामग्री और युवती का फोटो भी रखा नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि इसी सामाजिक रस्म के माध्यम से परिजनों ने युवती से नाता तोडऩे की घोषणा की। परिवार की ओर से लिया गया यह फैसला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। शादी के लिए तैयार परिवार का अचानक इस तरह बेटी से रिश्ता समाप्त करने का निर्णय कई सवाल खड़े कर रहा है।
प्रेम विवाह करना इतना बड़ा अपराध कि रिश्ते ही खत्म कर दिए जाएं ? –
इस घटनाक्रम ने एक बार फिर समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। क्या अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनना इतना बड़ा अपराध है कि माता-पिता और बेटी के बीच वर्षों पुराना रिश्ता ही समाप्त कर दिया जाए ? क्या सामाजिक प्रतिष्ठा और परंपराएं पारिवारिक रिश्तों से भी बड़ी हो गई हैं? एक ओर युवती ने अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनने का फैसला किया, वहीं दूसरी ओर परिजनों ने नाराजगी में उससे नाता तोडऩे का रास्ता चुना। हालांकि परिवार की अपनी भावनाएं और सामाजिक परिस्थितियां हो सकती हैं, लेकिन इस तरह रिश्ते खत्म करने की रस्म समाज में कई गंभीर सवाल छोड़ जाती है। फिलहाल कुम्हारीपुरा क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। गोरनी की रस्म की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें समाज के लोगों की मौजूदगी दिखाई दे रही है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
जावरा में प्रेम विवाह पर परिवार का बड़ा फैसला! बेटी की कर दी ‘गोरनी’, परिजनों ने कहा– अब हमारे लिए मर गई
Shailendra Singh
शैलेन्द्र सिंह चौहान | Chief Editor – Jaora Headlines शैलेन्द्र सिंह चौहान, Jaora Headlines के चीफ एडिटर हैं। वे जावरा, रतलाम एवं मध्यप्रदेश की स्थानीय, राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक और अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। Jaora Headlines के माध्यम से निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना उनका उद्देश्य है। स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता देना, जनहित के मुद्दों को उठाना और क्षेत्र की सकारात्मक उपलब्धियों को डिजिटल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। Jaora Headlines – जावरा की आवाज़, हर खबर पर नज़र।

