– गौरक्षा समिति ने एसडीएम को सौंपा मांग पत्र
जावरा। नगर पालिका जावरा क्षेत्र में लावारिस रूप से विचरण कर रहे गौवंश से आमजन को हो रही गंभीर समस्याओं को लेकर गौ रक्षा दल एवं गौ रक्षा समिति जावरा ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) जावरा सुनिल जायसवाल को आवेदन सौंपकर राधाकृष्ण गौशाला भूतेड़ा में गौवंश को छुड़वाने की अनुमति प्रदान करने की मांग की है।
कूड़ा-कचरा और पॉलिथिन खाकर बीमार हो रहा गौवंश –
आवेदन में उल्लेख किया गया कि नगर पालिका क्षेत्र के कई हिस्सों में लावारिस गौवंश कूड़े-कचरे के ढेर पर पॉलिथिन खाते हुए देखे जा रहे हैं, जिससे उनमें गंभीर संक्रमण एवं विभिन्न प्रकार की बीमारियां उत्पन्न हो रही हैं। समय पर उपचार संभव नहीं होने के कारण कई बार गौवंश की सड़क पर ही मृत्यु हो जाती है। मृत गौवंश के खुले में पड़े रहने से राहगीरों एवं आसपास के निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
फोरलेन पर गौवंश से बढ़ रहे हादसे –
गौ रक्षा दल ने बताया कि लावारिस गौवंश फोरलेन एवं मुख्य मार्गों पर भी विचरण करते रहते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में पत्रकार कॉलोनी चौराहे पर गौवंश से टकराने के कारण एक पंचर दुकान संचालक की ट्रक के नीचे आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे जनसुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है।
राधाकृष्ण गौशाला भूतेड़ा में हो रही उचित देखभाल –
गौ रक्षा दल द्वारा इन परिस्थितियों को देखते हुए श्री राधाकृष्ण गौशाला भूतेड़ा का संचालन किया जा रहा है, जहां लावारिस एवं नगर पालिका क्षेत्र में विचरण कर रहे गौवंश को सुरक्षित रूप से लाकर उनकी उचित देखभाल, उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अनुमति की मांग –
गौ रक्षा दल एवं गौ रक्षा समिति जावरा ने एसडीएम जावरा से मांग की है कि नगर पालिका क्षेत्र में लावारिस रूप से घूम रहे गौवंश को पकड़कर राधाकृष्ण गौशाला भूतेड़ा में छोड़े जाने हेतु शीघ्र अनुमति प्रदान की जाए, जिससे गौवंश की सुरक्षा के साथ-साथ आमजन को भी राहत मिल सके।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

