– भगत सिंह शासकीय महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक हैं रवि सेन
– सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन के पांच स्वयंसेवकों में रवि सेन शामिल
– जनवरी में गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने का मिल सकता है अवसर
जावरा। जावरा के भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सक्रिय स्वयंसेवक रवि सेन ने नगर का गौरव बढ़ाया है। उनका चयन पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर (मध्य क्षेत्र)-2026 के लिए हुआ है। यह शिविर उत्तर प्रदेश के आगरा में आयोजित किया जा रहा है। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन से चयनित पांच स्वयंसेवकों में रवि सेन भी शामिल हैं। उनके चयन से महाविद्यालय सहित जावरा नगर में हर्ष का माहौल है।
आगरा में 21 से 30 नवंबर तक होगा शिविर –
यह शिविर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड), लखनऊ द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर (मध्य क्षेत्र)-2026 का आयोजन 21 से 30 नवंबर तक डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर, आगरा (उत्तर प्रदेश) में होगा।
राज्य स्तरीय शिविर में भी कर चुके हैं सहभागिता –
रवि सेन राष्ट्रीय सेवा योजना के सक्रिय स्वयंसेवक रहे हैं। इससे पूर्व वे राज्य स्तरीय शिविर चित्रकूट, सतना में भी सहभागिता कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि को निरंतर मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना का परिणाम माना जा रहा है।
गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने का मिल सकता है अवसर –
इस शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन और आगामी चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त करने पर रवि सेन को जनवरी में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस शिविर में शामिल होने तथा महामहिम राष्ट्रपति एवं माननीय प्रधानमंत्री के समक्ष परेड करने का गौरवपूर्ण अवसर मिल सकता है।
महाविद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं –
रवि सेन के चयन पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विद्या तिवारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. श्यामलाल चौधरी एवं प्रो. रेणु नामदेव सहित समस्त महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी शिविर में सफल सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं। रवि सेन की इस उपलब्धि से जावरा नगर का गौरव बढ़ा है। महाविद्यालय परिवार एवं नगरवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
जावरा के रवि सेन का आगरा में पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर के लिए चयन
Shailendra Singh
शैलेन्द्र सिंह चौहान | Chief Editor – Jaora Headlines शैलेन्द्र सिंह चौहान, Jaora Headlines के चीफ एडिटर हैं। वे जावरा, रतलाम एवं मध्यप्रदेश की स्थानीय, राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक और अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। Jaora Headlines के माध्यम से निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना उनका उद्देश्य है। स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता देना, जनहित के मुद्दों को उठाना और क्षेत्र की सकारात्मक उपलब्धियों को डिजिटल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। Jaora Headlines – जावरा की आवाज़, हर खबर पर नज़र।

