– बकरी चराने खेत पर गया था शाहरुख, पेड़ पर रस्सी बांधने और पत्ते तोडऩे के दौरान हुआ हादसा
– ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
जावरा। जावरा क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। महू-नीमच हाईवे पर उमठ पलिया कब्रिस्तान के पास 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहरुख पिता सुल्तान, निवासी उमठ पलिया के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहरुख बकरियां चराने के लिए खेत पर गया था। इसी दौरान वह पेड़ पर चढ़कर रस्सी बांधने और पत्ते तोडऩे का काम कर रहा था। तभी पेड़ के पास से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली कंपनी लाईनमेन और डायल 112 पर फोन लगाया। लाईनमेन के पहुंचने के बाद सप्लाई बंद कर युवक के शव को परिजनों ने नीचे उतारा। पुलिस ने पंचनामा बनाया और शव को जावरा के सिविल हास्पीटल पर पीएम के लिए भेजा।
पेड़ से सटकर गुजर रही थी 33 केवी लाइन, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल –
इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली की हाईटेंशन लाइन पेड़ों के बेहद नजदीक से गुजर रही है। इसके बावजूद विभाग द्वारा न तो समय पर पेड़ों की छंटाई की गई और न ही संभावित खतरे को रोकने के पर्याप्त इंतजाम किए गए।

आखिर कब जागेगा विद्युत विभाग? हादसे के बाद उठे सवाल –
– पेड़ों के इतने करीब से 33 केवी की हाईटेंशन लाइन कैसे गुजर रही है ?
– क्या विद्युत विभाग ने लाइन के आसपास सुरक्षा का निरीक्षण किया था?
– क्या समय रहते पेड़ों की छंटाई कर इस हादसे को रोका नहीं जा सकता था?
– इस दर्दनाक घटना की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?
– एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों बोले मामले में हो निष्पक्ष जांच और सुरक्षा इंतजाम –
27 वर्षीय शाहरुख की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और क्षेत्र में हाईटेंशन लाइनों के आसपास तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। सवाल बेहद गंभीर है—क्या बिजली विभाग किसी की जान जाने के बाद ही जागेगा? पेड़ से सटकर गुजरती हाईटेंशन लाइनें यदि पहले से खतरा बनी हुई थीं, तो उन्हें सुरक्षित करने के लिए समय रहते कदम क्यों नहीं उठाए गए? आखिर शाहरुख की मौत का जिम्मेदार कौन है?


