– दोनो बच्चों की मौत, पिता को गंभीर अवस्था में रतलाम किया रैफर
– बच्चों की मोत जहर से हुई या पानी में डुबने से इसका खुलासा पीएम रिपोर्ट के बाद होगा
जावरा। समीपस्थ ग्राम लालाखेड़ा में अपने ससुराल में रहने आए एक दामाद ने पहले अपने दोनो बच्चों को जहर देकर पानी में डाल दिया फिर खुद ने जहर पीकर अपनी जान देने का प्रयास किया। बच्चों को जहर देने तथा खुद भी जहर पीने की सूचना अपने बड़े भाई को फोन पर दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को पानी के गढ्ढे से बाहर निकाला तथा पिता को जावरा के सरकारी अस्पताल भेजा। जहां बच्चों को डॉक्टर ने मृत घोषित किया, वहीं जहर खाने की वजह से पिता को जावरा से रतलाम रैफर कर दिया गया है। जिसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार बच्चों का पिता फिलहाल बयान देने की हालत में नहीं है, वहीं बच्चों की मौत जहर से हुई है या पानी में डुबने से इसका खुलासा भी पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की है।
सीएसपी दुर्गेश आर्मो ने बताया कि लालाखेड़ा निवासी भंवरलाल बागरी के यहां उसका दामाद आशीष पिता गोवर्धनलाल बागरी निवासी उपरटी थाना बिरलग्राम नागदा जिला उज्जैन दो माह पहले आया था और वहीं काम कर रहा था। लेकिन बुधवार को वह अपने दोनो बच्चों कार्तिक (6) और वासुदेव (8) को लेकर नहाने के लिए निकला था, उसने वहंा अपने दोनो बच्चों को पहले जहर दिया और फिर पानी में फेंक दिया। वहीं खुद भी जहर खाने की सूचना फोन पर अपने बड़े भाई अम्बालाल को सूचना दी। अम्बालाल ने आशीष के ससुराल खबर की, सूचना पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और दोनो बच्चों के शव गढ्ढे में भरे पानी से बाहर निकाले और आशीष को जावरा सरकारी अस्प्ताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने दोनो बच्चों को मृत घोषित किया। वहीं आशीष की हालत में नाजुक बताते हुए उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रैफर किया है। 
पत्नी ने बताया बच्चे पिता के साथ गए थे –
औद्योगिक क्षैत्र थाना प्रभारी मुनिन्द्र गौतम ने बताया कि आशीष की पत्नी सीता बाई ने बताया कि दोनो बच्चे अपने पिता के साथ नहाने गए थे, लेकिन वहां क्या हुआ उसे नहीं मालूम है, उनके जेठ ने फोन पर जानकारी दी कि ऐसा हुआ है। प्रथम दृष्टया तो बच्चों की मौत पानी में डुबने से होना प्रतित हो रहा है, बच्चों का पिता जो कि रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती है, वह कुछ बताने की हालत में नहीं है, वहीं पीएम रिपोर्ट भी अब तक नहीं मिली है तो यह अभी नहीं कहा जा सकता है कि बच्चों की मौत कैसे हुई है। पीएम रिर्पोट आने तथा आशीष के बयान के बाद ही मामला स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है।




