– सीएसपी और शहर थाना प्रभारी ने किया रंगोलियों का निरीक्षण
– श्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने का मिलेगा अवसर
जावरा। पुलिस द्वारा प्रदेश भर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत शनिवार को सेंट पॉल कान्वेंट स्कूल में नशा मुक्ति विषय पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। नशे के विरूद्ध इस जागरुकता कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच के माध्यम से रंगो को माध्यम से समाज को नशे को छोड़ो और जीवन से नाता जोड़ो का सशक्त संदेश दिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार की आकर्षक और प्रेरक रंगोलियाँ बनाई। जिनमें नशा उन्मूलन, युवाओं का भविष्य, और सकारात्मक जीवनशैली को रंगों के माध्यम से दर्शाया गया।
रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों का निरीक्षण सीएसपी युवराजसिंह चौहान तथा शहर थाना प्रभारी जितेन्द्रसिंह जादौन ने करते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया। सीएसपी चौहान ने प्रत्येक रंगोली का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया और संबंधित प्रश्न पूछे और उन्हें इस संदर्भ में अपना मंतव्य दिया।
रंगोली केवल कला नहीं, विचारों की अभिव्यक्ति –
प्राचार्य देवेंद्र मूणत ने बताया कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्ति नहीं, अपितु समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। नशा मुक्ति जैसे जनहित कार्यों में हमारे विद्यार्थियों की सहभागिता यह सिद्ध करती है कि अगली पीढ़ी एक जागरूक, नैतिक और संवेदनशील समाज निर्माण की दिशा में अग्रसर हैं। विद्यालय प्रबंधक भाविक मूणत ने बताया कि रंगोली केवल कला नहीं, यह विचारों की अभिव्यक्ति है। जब युवा पीढ़ी रंगों के माध्यम से समाज को नशा मुक्ति जैसे संदेश देती है, तब एक नए परिवर्तन की नींव रखी जाती है। हमारा विद्यालय सदैव ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करता रहेगा, जो विद्यार्थियों को सामाजिक रूप से जागरूक और उत्तरदायी नागरिक बनाएं।
श्रेष्ठ प्रतिभागियों को मिलेगा जिला मुख्यालय पर अवसर –
उपप्राचार्य शालीन जोशी ने बताया कि प्रस्तुत रंगोलियों में आशी चंचलानी, पलक ठाकुर, नंदिनी जोशी, प्रियांशी सैनी, आराध्या श्रीवास्तव, निष्ठा पाटीदार, नेहल सर्राफ, सुनीता धाकड़, शिवानी शाक्य, संस्कृति बैरागी और दिव्यांशी पंवार द्वारा अति सुंदर प्रस्तुतियां दी गई और श्रेष्ठ तीन रंगोली के प्रतिभागियों को जिला पुलिस मुख्यालय पर अपनी कला प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

