– मुख्यमंत्री बोले गांव की माटी से निकलकर डॉ. पांडेय बने देश की राजनीति के आदर्श स्तंभ
जावरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार 28 दिसंबर को जावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सुजापुर स्थित स्मृति कुंज में मालवा के गांधी के नाम से सुविख्यात पूर्व सांसद स्वर्गीय डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय की आदमकद प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। यह स्मृति कुंज जावरा विधायक राजेंद्र पांडेय एवं उनके परिवार द्वारा विकसित किया गया है।
इस गरिमामय अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय गांव की माटी से निकलकर देश की राजनीति के आदर्शवादी और प्रखर स्तंभ बने। उन्होंने राजनीति को सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, कुशाभाऊ ठाकरे, पूर्व मुख्यमंत्री वीरेंद्र कुमार सखलेचा एवं डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय का स्मरण करते हुए कहा कि इन सभी नेताओं ने जावरा-मंदसौर-नीमच क्षेत्र ही नहीं बल्कि प्रदेश और देश की राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से डॉ. पांडेय के सिद्धांतों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति –
इस ऐतिहासिक आयोजन में मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर, प्रदेश संगठन मंत्री हतानंद शर्मा, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, जावरा विधायक राजेंद्र पांडेय, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू, सुवासरा विधायक एवं पूर्व मंत्री हरदीप सिंह डंग, रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरा लाल डामोर, मंदसौर के पूर्व विधायक यशपालसिंह सिसोदिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही कलेक्टर मिशा सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम के साक्षी बने।
पांडेय परिवार ने किया भव्य स्वागत –
जावरा विधायक श्री राजेंद्र पांडेय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं समस्त अतिथियों का साफा पहनाकर एवं पुष्पहारों से आत्मीय स्वागत किया। पांडेय परिवार के सदस्यों ने भी सभी अतिथियों का पारंपरिक और भावनात्मक स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन महेश सोनी ने किया। जबकि अंत में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने आभार प्रदर्शन किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

