– भव्य शोभायात्रा से हुआ आयोजन का शुभारंभ
– सैकड़ों सनातनी परिवारों की सहभागिता, सांस्कृतिक चेतना का अनूठा प्रदर्शन
– गौपूजन, भारत माता आरती व समरसता भोज ने बांधा सामाजिक एकता का सूत्र
जावरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नगर की महाकाल बस्ती में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन शास्त्री हॉल, शास्त्री कॉलोनी में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में बस्ती के सैकड़ों सनातनी परिवारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रप्रथम, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त परिचय दिया।
सम्मेलन का शुभारंभ श्री दुर्गा माता मंदिर चौपाटी से निकली भव्य शोभायात्रा से हुआ। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्वयंसेवक, मातृशक्ति एवं बालक-बालिकाएँ सम्मिलित हुए। भगवा ध्वजों, जयघोषों और पारंपरिक वाद्यों के बीच यात्रा बस्ती के प्रमुख मार्गों से होती हुई शास्त्री हॉल पहुँची, जहाँ अतिथियों के आगमन के पश्चात दीप प्रज्वलन से विधिवत सम्मेलन प्रारंभ हुआ।
धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन –
कार्यक्रम में बस्ती के बच्चों द्वारा मनमोहक धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय ने करतल ध्वनि से सराहा। शोभायात्रा का मार्ग में अनेक श्रद्धालु परिवारों द्वारा पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। सम्मेलन में अतिथि के रूप में भागवताचार्य पं. मनीष शर्मा, राष्ट्र सेविका समिति रतलाम विभाग से जया शक्तावत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से नेपाल सिंह डोडिया एवं कार्यक्रम संयोजक भूपेंद्र सक्सेना मंचासीन रहे। अतिथियों के सम्मान उपरांत सभी का प्रेरक बौद्धिक प्राप्त हुआ, जिसमें राष्ट्रभक्ति, संस्कार, समरसता और संगठन की शक्ति पर बल दिया गया।
गौ पूजन कर उतारी भारत माता की आरती –
इस अवसर पर बस्ती के वरिष्ठजनों एवं मातृशक्ति का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में गौपूजन तथा भारत माता की आरती ने वातावरण को श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। समापन अवसर पर समरसता भोज का आयोजन हुआ, जिसमें सभी वर्गों के परिवारों ने एक साथ बैठकर सामाजिक एकता का संदेश दिया। पूरे आयोजन में महाकाल बस्ती के सैकड़ों हिंदू परिवारों की सहभागिता ने यह सिद्ध कर दिया कि समाज जब संगठित होता है तो सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभाव अपने चरम पर पहुँचते हैं। सफल आयोजन के लिए बस्ती के कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति और युवाओं के समर्पण की सर्वत्र सराहना की गई।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

