जावरा। भुतभावन भगवान भोलेनाथ की पावन भक्ति का पर्व महाशिवरात्रि बुधवार को शहर के साथ ही अंचलों में हर्षोउल्लास के साथ मनाया जाएगा। शिवरात्रि को लेकर शहर के सभी शिवालयों पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई हैं, सभी शिवालय सज धज कर भक्तों के लिए तैयार हैं। बुधवार को सुबह ब्रह्म मुर्हूत से ही भगवान भोलेनाथ के अभिषेक प्रारंभ होंगे जो दोपहर तक चलेंगे, वहीं शाम को सभी शिवलयों पर भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार कर महाआरती और महाप्रसादी के आयोजन होंगे। शाम को जागनाथ महादेव से बाबा की शाही सवारी निकाली जाएगी। जिसका शहर में कई स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। खारीवाल कॉलोनी स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर पर शिवरात्रि के पर्व पर बाबा का दूल्हे के रुप में आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। शाम करीब 6 बजे बाबा की महाआरती के बाद प्रसादी वितरित की जाएगी।
शाम को निकलेगी बाबा जागनाथ की शाही सवारी –
हर-हर महादेव भक्त मंडल (बीएम ग्रुप) द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शाही सवारी निकाली जाएगी। जो शाम करीब साढ़े 4 बजे पुल बाजार स्थित जागन्नाथ महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के सभी प्रमुख मार्गो का भ्रमण करती हुई पुन: जागनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी।
बटेगी भांग व ठंडाई की प्रसादी –
शिवरात्रि के पावन पर्व पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नगर में कई स्थानों पर भंग की प्रसादी वितरित की जाएगी। सोमवारियां में शिवकृपा ग्रुप द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी बाबा जागनाथ महादेव की शाही सवारी का स्वागत भांग और मेवा युक्त ठंडाई की प्रसादी का वितरण किया जाएगा। शिवकृपा ग्रुप के महेन्द्र गोखरु ने बताया कि इस वर्ष करीब 10 क्विंटल प्रसादी का वितरण किया जाएगा। प्रसादी शाम करीब 5 बजे से वितरित होना प्रारंभ होगी। इसी प्रकार शिवरात्रि पर दोपहर 12 बजे बस स्टेण्ड स्थित होटर मयूर रेस्टोरेंट 2 पर भी भगवान भोलेनाथ की महाआरती के साथ ही ठंडाई की प्रसादी का वितरण किया जाएगा। शाही सवारी के दौरान अन्य स्थानों पर शाही सवारी का स्वागत और प्रसादी वितरण रखा गया हैं। वहीं जवाहर पथ परिवार द्वारा भी शिवरात्रि अवसर पर जागनाथ महादेव की शाही सवारी महादेव की बारात का स्वागत भक्तगण (बारातीयो) 70 लीटर दूध की महाप्रसादी वितरित कर किया जाएगा। प्रसादी शाम 5 बजे से वितरित की जाएगी।
रामबाग में होगा तीन दिवसीय आयोजन –
रामबाग स्थित श्री कल्पेश्वर महादेव मंदिर पर शिवरात्रि का तीन दिवसीय आयोजन रखा गया हैं। जिसमें बाबा के विवाह की सभी रस्में निभाई गई। आज रात्रि में सुंदरकाण्ड के महाअरती का आयोजन किया गया। शिवरात्रि के दिन दोपहर 12 बजे महाआरती के बाद बाबा की बारात निकाली जाएगी। जो रामबाग से प्रारंभ होकर शहर के सभी प्रमुख मार्गेा से होकर सोमवारियां स्थित दुर्गा माता मंदिर से वधु को लेकर पुन: रामबाग पहुंचेंगे।