– गीता भवन जावरा में भागवत की गूंज, भक्ति में डूबा पूरा नगर
– विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने गीता भवन के 85 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को किया स्मरण
जावरा। गीता भवन जावरा में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ गुरुवार को अत्यंत भक्तिमय वातावरण में हुआ। कथा व्यास भीमाशंकर शर्मा शास्त्री (धारियाखेड़ी) के श्रीमुख से प्रवाहित भागवत अमृत ने पूरे परिसर को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करते नजर आए।
प्रथम दिवस कथा में शास्त्रीजी ने कहा कि श्रीमद् भागवत केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलाने वाला दिव्य मार्गदर्शक है। कलियुग में भागवत कथा ही मानव को मोह, लोभ और अधर्म से मुक्त कर सकती है। उन्होंने राजा परीक्षित और शुकदेव मुनि के प्रसंग के माध्यम से भागवत की महिमा को विस्तार से समझाया।
विधायक ने बताई 85 सालों की गौरवशाली परम्परा –
कथा के दौरान गीता भवन ट्रस्ट अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने आयोजन के 86वें वर्ष के अवसर पर गीता भवन की ऐतिहासिक परंपरा को याद करते हुए कहा कि बीते 85 वर्षों में इस पावन प्रांगण को देश के अनेक महान संतों का सानिध्य प्राप्त हुआ है। उन्हीं संतों की प्रेरणा और आशीर्वाद से यह आयोजन निरंतर आगे बढ़ता गया और हर वर्ष नए-नए आध्यात्मिक व सांस्कृतिक आयाम स्थापित होते रहे हैं। डॉ. पांडेय ने कहा कि गीता भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, धर्म और संस्कारों का जीवंत केंद्र है, जहां पीढिय़ों से श्रद्धालु आत्मिक शांति और जीवन का मार्गदर्शन प्राप्त करते आ रहे हैं। कथा शुभारंभ से पूर्व विधायक ने अपनी धर्मपत्नी रश्मि पाण्डेय और परिजनों के साथ संतश्री का स्वागत कर आशीर्वाद लेकर पौथी पूजन किया। ट्रस्ट पदधिकारियों ने भी संत का स्वागत किया।
जयघोष से गुंजा गीता भवन प्रांगण –
ट्रस्ट सचिव अशोक सेठिया ने बताया कि कथा के दौरान भजन-कीर्तन और हरिनाम के जयघोष से पूरा गीता भवन परिसर गुंजायमान हो उठा। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी श्रद्धा भाव से कथा श्रवण करते नजर आए। प्रथम दिन हवन का लाभ आनंद गर्ग ने सपत्निक लिया। प्रथमदिन विधायक डॉ पाण्डेय के साथ अजय पाण्डेय, सेवानिवृत अतिरिक्त कलेक्टर हरिसिंह चन्द्रावत, कैलाश नारायण विजयवर्गीय, मोहन पटेल, राजेन्द्र गर्ग, राजेश शर्मा, गायत्री प्रसाद मंडलोई, प्रदीपसिंह सोलंकी, राजेन्द्र श्रोत्रिय, मनोहरसिंह चौहान आदि ने आरती का लाभ लिया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। कथा के प्रथम दिवस आयोजकों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भागवत कथा के पुण्य लाभ प्राप्त करें और अपने जीवन को धर्म व भक्ति से आलोकित करें। प्रथम दिन कथा को सफल बनाने में दशरथ कसानिया, दिलीप हेमावत, विनोद अग्रवाल, मनोहर पांचाल आदि ने सहयोग प्रदान किया। संचालन आईपी त्रिवेदी ने किया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

