– चार सदनों के विद्यार्थियों ने दिखाया ज्ञान और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन
– क्तक्र कोड स्कैनिंग से लेकर फाइनल राउंड तक रोमांच; टीमवर्क, त्वरित निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास की हुई परीक्षा
जावरा। ज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होता, बल्कि जिज्ञासा, तर्कशक्ति, स्मरणशक्ति, आत्मविश्वास और त्वरित निर्णय क्षमता के माध्यम से उसका निरंतर विकास होता है। इसी उद्देश्य को साकार करते हुए जावरा पब्लिक स्कूल में इंटर हाउस क्विज स्पर्धा JPS Quiz 2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की थीम ‘इंडिया क्वेस्ट-भारत गौरव’ रही।
प्रतियोगिता में विद्यालय के चार सदन—अथर्ववेद, ऋग्वेद, सामवेद एवं यजुर्वेद—के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न चरणों में अपने ज्ञान, तर्क, आत्मविश्वास तथा टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले के बाद अथर्ववेद सदन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ शुभारंभ –
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तोसिफ इफ्तेखार अहमद खान, प्राचार्य, समता इंटरनेशनल स्कूल, रतलाम रहे। वहीं विद्यालय के अतिथि निदेशक कमल मूणत की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने अतिथियों का स्वागत एवं सत्कार किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ज्ञानार्जन के साथ-साथ टीमवर्क, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
‘इंडिया क्वेस्ट-भारत गौरव’ में रखे गए 10 रोमांचक चरण –
विद्यार्थियों के लिए क्विज को ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ रोमांचक बनाने के लिए प्रतियोगिता को अलग-अलग चरणों में विभाजित किया गया। प्रतियोगिता में कुल 10 राउंड रखे गए, जिनमें विद्यार्थियों की अलग-अलग क्षमताओं की परीक्षा हुई। इनमें ‘भारत को जानें’ राउंड में देश की समसामयिक घटनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे गए। इसके बाद भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, भारत के विभिन्न राज्यों, भारतीय भूगोल, पौराणिक एवं सांस्कृतिक ज्ञान से जुड़े प्रश्नों ने विद्यार्थियों की जानकारी को परखा। प्रतियोगिता के दौरान समय की चुनौती के बीच त्वरित उत्तर देने वाले राउंड भी रखे गए। वहीं महत्वपूर्ण संक्षिप्त शब्दों एवं उनके पूर्ण रूपों से संबंधित प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों की सामान्य जानकारी को परखा गया। समयबद्ध प्रश्नों में विद्यार्थियों की तत्परता, निर्णय क्षमता और त्वरित सोच की परीक्षा हुई। प्रतियोगिता का अंतिम चरण शीर्ष दो सदनों के बीच निर्णायक मुकाबले के रूप में आयोजित किया गया।
‘इंडिया पासपोर्ट राउंडÓ बना प्रतियोगिता का खास आकर्षण –
क्विज का ‘इंडिया पासपोर्ट राउंड’ विद्यार्थियों एवं दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस राउंड में मुख्य अतिथि द्वारा छिपे हुए पासपोर्ट में से एक पासपोर्ट का चयन किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों के नाम अंकित थे। चयनित राज्य से संबंधित विषय प्रतिभागियों के सामने रखा गया। इसके बाद संबंधित सदन के विद्यार्थियों ने उस राज्य से जुड़ी जानकारी, ज्ञान एवं प्रस्तुतीकरण क्षमता का प्रदर्शन किया। इस अनोखे अंदाज ने क्विज प्रतियोगिता में नया रोमांच जोड़ दिया और विद्यार्थियों को देश के विभिन्न राज्यों के बारे में अपने ज्ञान को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
QR कोड स्कैनिंग में दिखा तकनीक और ज्ञान का अनूठा संगम –
प्रतियोगिता का क्तक्र कोड स्कैनिंग राउंड भी बेहद रोचक रहा। इस चरण में अतिथि द्वारा पासा (DICE) रोल किया गया और प्राप्त अंक के अनुसार संबंधित QR कोड को मोबाइल फोन से स्कैन किया गया। QR कोड स्कैन करते ही प्रतिभागियों के सामने एक नया विषय अथवा प्रश्न सामने आता और उन्हें तत्काल उसका उत्तर देना होता था। इस राउंड में विद्यार्थियों की तकनीकी समझ, सामान्य ज्ञान, त्वरित सोच और निर्णय क्षमता का अनूठा संगम देखने को मिला। यदि किसी सदन के प्रतिभागी किसी प्रश्न का उत्तर देने में असमर्थ रहते, तो प्रश्न दर्शक दीर्घा की ओर पास कर दिया जाता। इससे प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों में भी उत्साह बढ़ता रहा और पूरा विद्यालय परिसर तालियों एवं हर्षध्वनि से गूंजता रहा।
फाइनल राउंड में बढ़ा रोमांच –
विभिन्न चरणों में प्रदर्शन के आधार पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दो सदनों ने फाइनल राउंड में प्रवेश किया। निर्णायक मुकाबले में निगेटिव मार्किंग का प्रावधान रखा गया था, जिसके चलते प्रतिभागियों के लिए प्रत्येक उत्तर सोच-समझकर देना चुनौतीपूर्ण रहा। फाइनल राउंड में विद्यार्थियों ने धैर्य, आत्मविश्वास और टीम भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया। एक-एक अंक के लिए हुए मुकाबले ने प्रतियोगिता के रोमांच को और बढ़ा दिया।
अथर्ववेद सदन ने जीता विजेता का खिताब –
अंतत: अथर्ववेद सदन ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, सटीक उत्तरों, बेहतर रणनीति और शानदार टीमवर्क के दम पर JPS Quiz 2026 का विजेता खिताब अपने नाम कर लिया। अथर्ववेद सदन की जीत के बाद विद्यार्थियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। विद्यालय परिसर तालियों और हर्षध्वनि से गूंज उठा। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विजेता टीम के प्रदर्शन की सराहना की।
अतिथियों ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह –
मुख्य अतिथि तोसिफ इफ्तेखार अहमद खान ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में केवल सामान्य ज्ञान को बढ़ावा नहीं देतीं, बल्कि उनके अंदर आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता, नेतृत्व और टीमवर्क जैसे जीवनोपयोगी गुणों का भी विकास करती हैं। अतिथि निदेशक कमल मूणत ने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने और प्रत्येक प्रतियोगिता को स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर मानने के लिए प्रेरित किया।
जिज्ञासा ही ज्ञान तक पहुंचने का सबसे सुंंदर मार्ग –
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञान तभी सार्थक है, जब विद्यार्थी उसे आत्मविश्वास और विवेक के साथ व्यवहार में ला सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने तथा निरंतर ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने संदेश देते हुए कहा कि “ज्ञान की कोई सीमा नहीं होती, और जिज्ञासा ही उस ज्ञान तक पहुँचने का सबसे सुंदर मार्ग है।” JPS Quiz 2026 विद्यार्थियों के लिए केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ज्ञान, तकनीक, आत्मविश्वास, टीमवर्क और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का उत्सव बनकर सामने आया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ एक-दूसरे से सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर भी प्रदान किया।


