– शैक्षणिक भ्रमण से मिली उच्च शिक्षा और करियर निर्माण की नई प्रेरणा
जावरा/मंदसौर। शासकीय उच्चतर माध्यम विद्यालय हाटपिपलिया के छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत मन्दसौर विश्वविद्यालय, मन्दसौर का भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य राजेन्द्र धाकड़ ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में संचालित रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों, आधुनिक प्रयोगशालाओं तथा विभिन्न संकायों की शैक्षणिक गतिविधियों से प्रत्यक्ष परिचित कराना था, जिससे उनके भीतर उच्च शिक्षा और करियर को लेकर नई सोच और आत्मविश्वास विकसित हो सके।
भ्रमण के दौरान विश्वविद्यालय के तकनीकी एवं विज्ञान संकायों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को वर्तमान एवं भविष्य में विज्ञान और तकनीक से जुड़े रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। छात्रों को बताया गया कि कैसे सही विषय चयन और कौशल विकास से वे अपने भविष्य को मजबूत बना सकते हैं। कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डॉ. आशीष अग्रवाल एवं भ्रमण संयोजक व्याख्याता विक्रम सिंह पंवार द्वारा ऑडियो-विजुअल ऑडिटोरियम में प्रोजेक्टर के माध्यम से विभिन्न संकायों की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। साथ ही प्रश्नोत्तरी सत्र के माध्यम से छात्रों की उच्च शिक्षा से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
किए पशुपतिनाथ के दर्शन –
भ्रमण उपरांत सभी विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की भोजनशाला में सहभोज किया तथा मन्दसौर स्थित भगवान पशुपतिनाथ महादेव के दर्शन कर विद्यालय के लिए प्रस्थान किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रबंधक-प्राचार्य राजेन्द्र धाकड़ सहित शिक्षकगण अमित कुमार गौड़, जयराम भुज एवं पीर सिंह सोलंकी आदि का विशेष योगदान रहा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

