– ब्लॉक अध्यक्षों की सूची से भड़का असंतोष, पैराशूट नेताओं पर बवाल, जिलाध्यक्ष के बाद प्रदेश महासचिव तथा किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने दिया त्याग पत्र
– एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ने भी सौंपा इस्तिफा
जावरा। मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों ने अब गंभीर राजनीतिक संकट का रूप ले लिया है। रतलाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष के त्यागपत्र के बाद पार्टी में इस्तीफों की होड़ मच गई है। ब्लॉक अध्यक्षों की विवादित सूची और कथित रूप से बाहर से थोपे गए पैराशूट नेताओं के विरोध में अब एक के बाद एक पदाधिकारी संगठन से किनारा करते नजर आ रहे हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत द्वारा प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को त्यागपत्र भेजे जाने के बाद स्थिति और विस्फोटक हो गई। जिलाध्यक्ष के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस महासचिव, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष, मंदसौर नीमच प्रभारी एवं रतलाम जिला पंचायत सदस्य राजेश भरावा ने भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को कांग्रेस के सभी पदों से त्यागपत्र संबंधी पत्र भेज दिया है। इतना ही नहीं, युवा संगठन में भी भूचाल आ गया है। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल शर्मा ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे साफ हो गया है कि असंतोष अब केवल वरिष्ठ नेताओं तक सीमित नहीं, बल्कि युवा मोर्चे तक फैल चुका है। सूत्रों की माने तो कुछ और पदाधिकारी भी अपने पद से त्यागपत्र देने का मन बना चुके हैं।
सूत्रों की मानें तो ब्लॉक अध्यक्षों की सूची में स्थानीय और जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर बाहरी चेहरों को तरजीह दिए जाने से कार्यकर्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। यही कारण है कि संगठन में भरोसा टूटता जा रहा है और नेतृत्व पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि जावरा नगर कांग्रेस अध्यक्ष की घोषणा अब तक नहीं हुई है, लेकिन जिलेभर में मचे इस राजनीतिक घमासान ने कांग्रेस संगठन को गहरे संकट में डाल दिया है। अब सबकी निगाहें प्रदेश नेतृत्व पर टिकी हैं कि क्या वह इस इस्तीफों की श्रृंखला को रोक पाएगा या कांग्रेस में यह टूट और तेज होगी।
डेमेज कंट्रोल करने भेजे प्रतिनिधि, बंद मिले फोन –
कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारा त्याग पत्र दिए जाने की सूचना के बाद प्रदेश कार्यालय से जिला प्रभारी तथा विधायक प्रताप ग्रेवाल को सैलाना के लिए रवाना कर दिया गया हैं, सूत्रों की माने तो बुधवार की शाम को सैलाना में गेहलोतद के कार्यालय पर एक गोपनीय बैठक हुई थी, त्यागपत्र देने के बाद गेहलोत के साथ ही राजेश भरावा का भी मोबाईल बंद पाया गया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

