जावरा। जेवरात डबल करने का लालच देकर एक महिला ने दूसरी वृद्ध महिला को झांसे में लेते हुए उसके सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गई। एक महिला ने पूजा-पाठ करके गहने डबल करने के नाम पर पिपलौदा रोड निवासी सत्तर वर्षीय वृद्धा को लाखों रुपए का चूना लगा दिया। झांसे में आकर भाजपा नेता की पत्नी ने शांताबाई के कहे अनुसार घर में पूजा-पाठ भी करवाई। ठग महिला ने पंद्रह दिनों के भीतर करीब 20 तोले वजनी सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। औद्योगिक पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पिपलौदा रोड स्थित अंबिका धामेडी हाउस निवासी पूर्र्व भाजपा जिला महामंत्री भेरुलाल पाटीदार 71 की पत्नी संपतबाई आमतौर पर दिन में घर में अकेली रहती है। शांताबाई नामक एक महिला ने संपतबाई को अपनी बातों के जाल में उलझाया और पूजा पाठ करके संपत बाई को गहने दुगुने करने का लालच दिखाया। संपत बाई ठग शांताबाई की बातों में आ गई और पूजा पाठ करके गहने दुगुने करवाने के लिए तैयार हो गई। आरोपी शांताबाई 7 से 23 फरवरी के दौरान कई बार दोपहर के समय संपतबाई के घर आई और इस दौरान हर बार वह नगद रुपए या गहने लेकर जाने लगी। थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम ने बताया कि पुलिस पूरी तत्परता से मामले को सुलझाने में जुटी है और आरोपी महिला की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

