– आबकारी विभाग की घेराबंदी, खेतों में गाड़ी छोड़कर भागा आरोपी 2.60 लाख की शराब बरामद
रतलाम। रतलाम जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई के दौरान 66 पेटी शराब और एक इनोवा वाहन जप्त किया गया, जबकि आरोपी चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय और परिवहन के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार रात करीब 7.30 बजे वृत परगना रतलाम प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक वंदना अग्रवाल को मुखबिर से सूचना मिली कि एक चार पहिया वाहन (एमपी 44 बीसी 0889) से ग्राम झर से संदला रोड पर अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक इनोवा को खेतों की ओर मोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
66 पेटी शराब जब्त –
पंचों की उपस्थिति में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 38 पेटी प्लेन मदिरा, 17 पेटी मसाला मदिरा और 11 पेटी ट्यूबोर्ग बीयर सहित कुल 66 पेटी शराब बरामद हुई। जप्त मदिरा की कुल मात्रा 627 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। वहीं जप्त इनोवा वाहन की कीमत करीब 11 लाख रुपए आंकी गई है। वाहन से अवैध शराब परिवहन पाए जाने पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में शामिल टीम –
इस पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे, चेतन वेद, पुष्पराज सिंह चौहान, अर्पित पांडे, संतोष मंडलोई सहित आबकारी आरक्षक संतोष नेका, प्रहलादसिंह राठौर, बनसिंह अहरे, वरुण चौहान, मनोज वर्षी, दिनेश खारोल एवं नगर सैनिक चेतराम मालवीय का सराहनीय योगदान रहा।


००००००००००००००००००
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

