– राजस्थान से मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ लेकर आ रहे थे आरोपी, रिंगनोद पुलिस ने कलालिया फंटा रेलवे अंडरब्रिज के पास घेराबंदी कर पकड़ा; 2.80 लाख का मश्रुका जब्त
जावरा/रतलाम। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रतलाम पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना रिंगनोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 ग्राम स्मैक (ब्राउन शुगर) और 10 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त मादक पदार्थों और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
राजस्थान की ओर से आ रहे थे तस्कर, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा –
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 5 नवंबर 2026 को रिंगनोद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि राजस्थान की ओर से मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने कलालिया फंटा रेलवे अंडरब्रिज के पास चिकलाना रोड पर घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्तियों को रोककर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 40 ग्राम स्मैक (ब्राउन शुगर) और 10 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हाथीखाना जावरा के दो निवासी गिरफ्तार –
पुलिस ने इस मामले में नूर मोहम्मद उर्फ नूरा, पिता गुल मोहम्मद (53)निवासी हाथीखाना, जावरा तथा भुरा उर्फ शाहनवाज, पिता खलील अहमद खान (31) निवासी हाथीखाना, जावरा को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 ग्राम स्मैक (ब्राउन शुगर) कीमत 1,30,000, 10 ग्राम एमडी ड्रग्स कीमत 1,00,000 के साथ हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 43 एमजे 5711 कीमत 50,000 सहित कुल 2,80,000 का मश्रुका जप्त किया हैं।
सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस –
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों को मादक पदार्थ कहां से मिल रहे थे और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
इन पुलिस अधिकारियों और जवानों की रही महत्वपूर्ण भूमिका –
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक जितेन्द्रपाल सिंह जादौन के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी शिवेन्द्र कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती जारी –
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध लगातार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में जुटी है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

