– ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, सूचना सही निकलते ही मारा छापा; तुलसी वाटर पार्क में स्वीमिंग पूल की आड़ में चल रहा था अवैध स्पा सेंटर
नामली/ रतलाम। रतलाम जिले के पंचेड़-नामली मार्ग स्थित तुलसी वाटर पार्क में शुक्रवार शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अवैध स्पा सेंटर का भंडाफोड़ किया। पुलिस को लंबे समय से यहां स्वीमिंग पूल की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत की पुष्टि होते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमार कार्रवाई कर दी।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर महिला अधिकारियों सहित विशेष टीम गठित की गई थी। कार्रवाई को गोपनीय रखने के लिए संबंधित थाना क्षेत्र को भी पूर्व सूचना नहीं दी गई और टीम के सदस्यों के मोबाइल तक बंद करा दिए गए। पुलिसकर्मी पहले ग्राहक बनकर स्पा सेंटर पहुंचे और सूचना की पुष्टि की। जैसे ही शिकायत सही पाई गई, एएसपी विवेक कुमार लाल के नेतृत्व में सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल, डीएसपी अनिशा जैन, महिला थाना प्रभारी रेखा चौधरी और अन्य अधिकारियों ने मौके पर दबिश दी।
छ: कमरों में चल रही थी मालिश –
पुलिस जांच में सामने आया कि वाटर पार्क परिसर में पीछे की ओर बने छह कमरों में चोरी-छिपे स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था। छापे के दौरान तीन अलग-अलग कमरों में थाईलैंड की तीन युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में युवकों के साथ मिलीं। पुलिस ने युवतियों और युवकों को हिरासत में लेकर नामली थाने भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान वाटर पार्क के मैनेजर दिलीप ठाकुर को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस सभी संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि लंबे समय से इस संबंध में शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

