– फोन कर बोलीं वॉशरूम जा रही हूं, स्टेशन पर इंतजार करते रहे पति
– जावरा के पास वॉशरुम का दरवाजा तोडऩे पर मिला शव
जावरा। रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में चलती ट्रेन से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कांचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17606) में सफर कर रही एक महिला की ट्रेन के वॉशरूम में मौत हो गई। मृतका अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की पत्नी बताई जा रही हैं। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ जोधपुर से निंबाहेड़ा जा रहे थे। दोनों पति-पत्नी ट्रेन के अलग-अलग कोच में सफर कर रहे थे। निंबाहेड़ा पहुंचने से पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं। ट्रेन के निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने पर राजकुमार चौहान ट्रेन से उतर गए और पत्नी का इंतजार करने लगे, लेकिन काफी देर तक वह कोच से बाहर नहीं आईं। इसी बीच ट्रेन भी चल दी, पत्नी के नहीं उतरने पर उन्हें शंका हुई और उन्होंने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी।
मंदसौर में नहीं खुला, जावरा में तोडऩा पड़ा दरवाजा –
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने ट्रेन को मंदसौर में रुकवाया, लेकिन वहां वॉशरूम का दरवाजा नहीं खुल पाया। इसके बाद रतलाम जिले के जावरा सेक्शन में ट्रेन को रुकवाकर पुलिस ने वॉशरूम का दरवाजा तोड़ा। दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। वॉशरूम के भीतर उषा चौहान का शव पड़ा हुआ मिला। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि संभवत: उन्हें साइलेंट हार्ट अटैक आया होगा। घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों और परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

