– अहमदाबाद से प्रारंभ हुई यात्रा 7 मार्च को जावरा पहुँचेगी
– सरदार पटेल की स्मृतियों से जुड़ी वस्तुएँ भी रहेंगी रथ में
जावरा। अखंड भारत के शिल्पी एवं लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में निकाली जा रही सरदार एकता रथ यात्रा का जावरा में भव्य स्वागत किया जाएगा। यह यात्रा गुजरात के पूर्व गृहमंत्री गोवर्धन भाई झडपिया के नेतृत्व में निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य देश में सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
यात्रा का शुभारंभ 5 मार्च 2026 गुरुवार को प्रात: 9 बजे अहमदाबाद स्थित केपी विद्यार्थी भवन से किया गया। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने करकमलों से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 7 मार्च को जावरा पहुंचेगी यात्रा, यह एकता रथ यात्रा अहमदाबाद से प्रस्थान कर 6 मार्च को झाबुआ पहुंचेगी तथा 7 मार्च 2026 शनिवार को रतलाम होते हुए प्रात: 9:30 बजे जावरा पहुंचेगी। जावरा में सरदार पटेल प्रतिमा प्रांगण (बटालियन के सामने) सर्व समाज के बंधुओं द्वारा रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा।
रथ में रहेंगी सरदार पटेल की स्मृतियाँ –
रथ में सरदार वल्लभभाई पटेल के दैनिक जीवन से जुड़ी कई ऐतिहासिक वस्तुएँ भी साथ लाई जा रही हैं। इनमें उनके वस्त्र, चरण पादुकाएं, डायरी तथा अन्य व्यक्तिगत वस्तुएँ शामिल हैं। इन वस्तुओं के माध्यम से लोगों को उनके सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण से प्रेरणा मिलेगी।
सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश –
यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना, विभिन्न समुदायों को एक मंच पर लाना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है। साथ ही देश में शांति, सद्भाव और विकास का वातावरण बनाने का संदेश भी इस यात्रा के माध्यम से दिया जा रहा है।
पूरे देश के सरदार थे पटेल –
सरदार वल्लभभाई पटेल किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं थे, बल्कि वे पूरे भारत के लिए एक प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प और दूरदर्शिता से देश को एकसूत्र में बांधने का कार्य किया। उनकी विरासत आज भी राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक मानी जाती है। इस संबंध में जानकारी पाटीदार समाज संगठन जावरा तहसील के अध्यक्ष गौरीशंकर पाटीदार एवं पिपलोदा तहसील अध्यक्ष खेमराज पाटीदार तथा समाज के वरिष्ठ हरिराम शाह ने दी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

