– आरजीएसए अंतर्गत पोलो ग्राउंड पर जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता सम्पन्न
– जिलेभर की टीमों ने दिखाया दमखम
– विजेता व उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी से किया सम्मानित
रतलाम। पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) अंतर्गत बुधवार को शहर के पोलो ग्राउंड पर जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का रोमांचक आयोजन हुआ। जिलेभर से पहुँची जनपद पंचायतों की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कड़े मुकाबलों के बाद बालक वर्ग में बाजना और बालिका वर्ग में पिपलौदा की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम किया, जबकि विजेता व उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत रतलाम सीईओ वैशाली जैन के मार्गदर्शन में, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से बुधवार को पोलो ग्राउंड पर जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले की जनपद पंचायत रतलाम, जावरा, सैलाना, पिपलौदा, आलोट एवं बाजना के बालक-बालिका खिलाडय़िों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
विजेताओं को मिला नगद ईनाम व ट्राफी –
बालक वर्ग में बाजना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जावरा उपविजेता रहा और आलोट ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में पिपलौदा की टीम विजेता रही, जावरा ने उपविजेता तथा सैलाना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को 10,500 रुपये, उपविजेता को 5,500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 1,550 रुपये की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इन्होने किया विजेताओं को सम्मानित –
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई शम्भूलाल चन्द्रवंशी, जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला खेल अधिकारी रूचि शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी निर्देशक शर्मा एवं क्रीड़ा भारती के जिला सचिव अनुज शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत नरेन्द्र पांढारकर, राहुल वाघेला, सीमा कुंवर, निलेश कुशवाह, जयदेव साल्वी, राकेश कुशवाह, शम्भुलाल चौधरी, परवेज आलम खान, दिनेश, दुर्गाशंकर मोयल (ग्रामीण युवा समन्वयक आलोट) एवं ममता सिंह (ग्रामीण युवा समन्वयक बाजना) द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका आर.सी. तिवारी, मुकेश जाट, सैवाराम जाट, सुरेश मालवीय, ममता सिंह, दुर्गा डामोर एवं प्रीति चरपोटा ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन खेल प्रशिक्षक जितेन्द्र धुलिया ने किया तथा आभार राहुल वाघेला ने व्यक्त किया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

