– विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के सवालों पर मंत्रियों के खुलासे
– 1 लाख महिलाएं समूहों से जुड़ीं, 2021 युवाओं को नौकरी, 86 सहकारी संस्थाएं नुकसान में
जावरा/भोपाल। विधानसभा में जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय द्वारा उठाए गए सवालों ने रतलाम जिले की विकास योजनाओं, रोजगार स्थिति और सहकारी संस्थाओं की वास्तविक तस्वीर सामने ला दी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने बताया कि बीते 5 वर्षों में जिले में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 52 करोड़ 28 लाख की राशि स्वीकृत की गई है।
मंत्री ने जानकारी दी कि रतलाम जिले में 8665 महिला स्व-सहायता समूह पंजीकृत हैं, जिनमें से 8401 सक्रिय हैं। इन समूहों से लगभग 1 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को रोजगारोन्मुखी गतिविधियों से जोडऩे के लिए समूहों और संगठनों को करीब 40 करोड़ का अतिरिक्त अनुदान भी दिया गया।
रोजगार पर भी सरकार के आंकड़े –
रोजगार के मुद्दे पर कौशल विकास मंत्री इंदर सिंह परमार ने बताया कि जिले में एक शासकीय और दो निजी पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। पिछले पांच वर्षों में 40 रोजगार मेलों का आयोजन हुआ, जिनमें 14 हजार युवाओं ने भाग लिया और 2021 युवाओं को विभिन्न कंपनियों में नौकरी मिली। इसके अलावा आईटीआई से शिक्षित 1616 युवाओं को कैंपस सिलेक्शन के माध्यम से रोजगार मिला।
आयुष सेवाएं : 36 औषधालय, 9 भवनविहीन –
आयुष विभाग को लेकर मंत्री ने बताया कि जिले में 36 आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी औषधालय संचालित हैं, जिनमें से 9 के पास भवन नहीं हैं। इन संस्थाओं के मरम्मत व जीर्णोद्धार के लिए लगभग ?47 लाख स्वीकृत किए गए हैं तथा रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
सहकारी संस्थाओं की हालत चिंताजनक –
सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने स्वीकार किया कि जिले की 103 प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में से 86 घाटे में चल रही हैं। पिछले वर्षों में 3 संस्थाओं में आर्थिक अनियमितताओं की शिकायतें मिलीं, एक मामले में पुलिस कार्रवाई हुई, जबकि दूसरे में कर्मचारी से राशि वसूली गई। घाटे से उबारने के लिए कृषि ऋण वितरण के साथ अन्य व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने की योजना पर काम किया जा रहा है। कुल मिलाकर, विधायक डॉ. पांडेय के सवालों ने एक ओर महिलाओं और युवाओं के लिए योजनाओं के आंकड़े सामने रखे, तो दूसरी ओर सहकारी संस्थाओं की खराब आर्थिक स्थिति और अधूरी आयुष सुविधाओं की भी हकीकत उजागर कर दी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

