– 54 करोड़ के 803 विद्युतीकरण कार्य स्वीकृत, जावरा में विकास की कई योजनाओं पर विधानसभा में खुलासा
– ट्रांसफार्मर-उपकेंद्र से लेकर आंगनवाड़ी भवन और जल योजनाओं तक
– मंत्रियों ने दिए आंकड़े, कई कार्य पूरे, कई प्रगति पर
जावरा/भोपाल। जावरा विधानसभा क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों में विद्युत सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़े पैमाने पर कार्य स्वीकृत हुए हैं। यह जानकारी ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के जवाब में दी।
मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में नवीन एवं क्षमतावृद्धि वाले ट्रांसफार्मर तथा नए विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना सहित 54 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से कुल 803 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। विधायक डॉ. पांडेय द्वारा रखी गई मांगों पर 58 स्थानों के प्रस्ताव भेजे गए, जिनमें से 37 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 19 कार्य प्रगति पर हैं। ग्राम जेठाना में 132/33 केवी अतिउच्च दाब विद्युत उपकेंद्र का प्रस्ताव पावर ट्रांसमिशन कंपनी जबलपुर को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
आंगनवाड़ी भवनों की कमी भी उठी –
विधायक के एक अन्य प्रश्न पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने बताया कि जावरा क्षेत्र में 11 आंगनवाड़ी भवन स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 3 पूर्ण हो चुके हैं और शेष निर्माणाधीन हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अभी भी 195 आंगनवाड़ी केंद्र भवनविहीन हैं। पिछले वर्षों में इन केंद्रों के लिए 14 लाख 44 हजार रुपये के मरम्मत कार्य भी स्वीकृत किए गए। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत ग्राम लालाखेड़ा में 28 लाख रुपये की लागत से आंगनवाड़ी भवन का निर्माण कराया गया है।
पीलिया खाल योजना 85 प्रतिशत पूरी, जांच जारी –
जावरा नगर की पीलिया खाल प्रदूषण मुक्ति कार्ययोजना को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि लगभग 8 करोड़ रुपये की योजना का 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। एसटीपी प्लांट के लिए भूमि क्रय कर ली गई है और शीघ्र निर्माण शुरू होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना में अनियमितताओं की शिकायतों की जांच कराई जा रही है।
पिपलौदा जल योजना अटकी, स्रोत में पानी नहीं –
पिपलौदा नगर की जल प्रदाय योजना के बारे में मंत्री ने बताया कि 4 करोड़ 15 लाख रुपये की मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना स्वीकृत है, लेकिन मुख्य स्रोत जालंधरखेड़ा तालाब में पर्याप्त एवं पेय योग्य पानी नहीं होने से फिल्टर प्लांट शुरू नहीं हो सका। विधायक डॉ. पांडेय ने चर्चा के दौरान जावरा नगर की पीलिया खाल को प्रदूषण मुक्त करने तथा पिपलौदा जल आपूर्ति योजना को शीघ्र चालू करने की मांग भी रखी।
जल जीवन मिशन और समूह जल योजनाएं –
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया ऊईके ने जानकारी दी कि रतलाम जिले में पिछले 5 वर्षों में जल जीवन मिशन के तहत 367 योजनाएं पूर्ण हुई हैं। समूह जल योजनाओं में गांधीसागर समूह जल योजना 993 करोड़ व्यय, 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण, माही समूह जल योजना 727 करोड़ व्यय, मझोडिया जल योजना 166 करोड़ व्यय, गुणावद जल योजना 27 करोड़ व्यय हो चुके हैं।
०००००००००००००००००००
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

