कलेक्टर कटेसरिया के सख्त निर्देश, 6 अवैध कट तत्काल होंगे बंद; एक जगह बने छह स्पीड ब्रेकर भी हटेंगे
रतलाम। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि हाईवे पर अनावश्यक बंपर हटाए जाएं, जबकि हाईवे से जुडऩे वाली कनेक्टिंग और साइड सड़कों पर आवश्यकतानुसार बंपर लगाए जाएं। इसके साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में जिले के ब्लैक स्पॉट, अवैध कट, स्पीड ब्रेकर और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
हाईवे पर नहीं, साइड रोड पर लगेंगे बंपर –
कलेक्टर ने कहा कि मुख्य हाईवे पर बंपर होने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। इसलिए अनावश्यक बंपर हटाकर हाईवे से जुडऩे वाली साइड एवं कनेक्टिंग सड़कों पर जरूरत के अनुसार बंपर लगाए जाएं। इसके लिए संबंधित स्थानों का सर्वे कराने के निर्देश दिए गए। आगामी बैठक में पुलिस द्वारा यह प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया जाएगा कि संबंधित विभागों ने निर्देशों के अनुसार बंपर लगाए हैं या नहीं। लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
एक जगह छह स्पीड ब्रेकर पर भी नाराजगी –
एमपीआरडीसी की सड़कों पर एक ही स्थान पर बनाए गए अधिक संख्या में स्पीड ब्रेकरों को लेकर भी कलेक्टर ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक साथ छह ब्रेकर होने से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ सकती है, इसलिए आवश्यकतानुसार इनकी संख्या कम की जाए। चिन्हित ब्लैक स्पॉट से जुडऩे वाली सड़कों पर भी जरूरत के अनुसार बंपर लगाने को कहा गया।
30 में से 24 अवैध कट बंद, छह अभी बाकी –
बैठक में एमपीआरडीसी ने बताया कि जिले में चिन्हित 30 अवैध कट में से 24 कट बंद किए जा चुके हैं, जबकि छह अवैध कट अभी शेष हैं। कलेक्टर ने इन सभी छह कट को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी कट को बंद करने से पहले यह अध्ययन किया जाए कि संबंधित स्थान पर वास्तव में कट की आवश्यकता है या नहीं। यदि नियमानुसार कट आवश्यक है तो उसे वैध बनाने की प्रक्रिया अपनाई जाए। अवैध कट बंद करते समय निर्धारित गाइडलाइन और नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
108 एंबुलेंस की लापरवाही पर होगी FIR –
कलेक्टर कटेसरिया ने 108 एंबुलेंस सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एंबुलेंस संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलत कार्य पाए जाने पर पुलिस नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि गंभीर लापरवाही सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत, एडिशनल एसपी, सड़क सुरक्षा समिति के सचिव महेंद्र चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

