– रतलाम एसपी अमित कुमार के निर्देश पर कार्रवाई, सीएसपी युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में ट्रैफिक टीआई रवि वर्मा के नेतृत्व में चला अभियान
– जावरा में संचालित स्कूलों के करीब 100 वाहनों की हुई जांच
जावरा। स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जावरा यातायात पुलिस द्वारा स्कूली वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशानुसार, जावरा सीएसपी युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में तथा ट्रैफिक टीआई रवि वर्मा के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान लगभग 100 स्कूली वाहनों की जांच की गई, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 20 वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए करीब 10 हजार रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।
एसपी के निर्देश पर विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सख्ती –
स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस द्वारा स्कूली वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना तथा स्कूली वाहनों का संचालन निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करना है। जांच के दौरान स्कूली वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य जरूरी सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैफिक टीआई रवि वर्मा के नेतृत्व में जांच अभियान –
रतलाम एसपी अमित कुमार के निर्देश, सीएसपी युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन और ट्रैफिक टीआई रवि वर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन संचालकों को सुरक्षा नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना और विद्यार्थियों की यात्रा को सुरक्षित करना है। यातायात पुलिस के अनुसार, यह चेकिंग अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से की अपील –
यातायात पुलिस ने अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन और स्कूली वाहन संचालकों से अपील की है कि वे विद्यार्थियों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें। वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाएं तथा परमिट, फिटनेस, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेज वैध रखें। वाहनों में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन निकास और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध होने चाहिए। वाहन चालकों को विद्यार्थियों के चढऩे-उतरने के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। साथ ही, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और गति सीमा सहित सभी यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है। स्कूल प्रबंधन यह सुनिश्चित करें कि विद्यार्थियों के परिवहन के लिए केवल वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों वाले वाहनों का ही उपयोग किया जाए। अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे बच्चों को स्कूल भेजते समय वाहन की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और चालक के व्यवहार पर ध्यान दें तथा किसी भी लापरवाही की जानकारी संबंधित स्कूल प्रबंधन अथवा यातायात पुलिस को दें। यातायात पुलिस जावरा ने स्कूली वाहन संचालकों से विद्यार्थियों के जीवन की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सभी यातायात नियमों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने की अपील की है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

